ट्रंप बार-बार भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष को रोकने का क्रेडिट लेते हैं. इसी को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार को पीएम मोदी और ट्रंप की रिश्तों की आलोचना करते हुए कहा कि ट्रंप ने 70 बार दावा किया 10 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर रोकने के लिए वे जिम्मेदार थे. X पर एक पोस्ट में रमेश ने कहा कि एक दिन पहले तक ट्रंप ने ऑपरेशन को रोकने में अपनी भूमिका का दावा 68 बार किया था, जो अभ 70 हो गया.
कई बार जबरन गले लगा चुके हैं
उन्होंने लिखा,’कल से पहले यह संख्या 68 थी, हालांकि कल ही यह आंकड़ा 69 तक नहीं पहुंचा, बल्कि सीधे 70 हो गया.’ उन्होंने बताया कि ट्रंप ने यह बात एक बार व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के शुरुआती बयान में कही और दूसरी बार सवाल-जवाब के दौरान दोहराई. जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि जिन ट्रंप को पीएम मोदी अपना ‘अच्छा दोस्त’ बताते हैं और जिन्हें वे कई बार जबरन गले लगा चुके हैं, वही ट्रंप बार-बार यह कह रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर को अचानक रोकने का फैसला उन्होंने ही कराया था.
365 दिनों में 365 जीत
जयराम रमेश का यह बयान व्हाइट हाउस के जरिए मंगलवार को ‘365 दिनों में 365 जीत’ दस्तावेज जारी करने के बाद आया है, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष में उनकी उपलब्धियों गिनवाया गया है. दस्तावेज में ‘विश्व मंच पर अमेरिकी नेतृत्व को फिर से स्थापित करना’ के तहत भारत और पाकिस्तान के बीच ‘युद्धविराम कराने’ के ट्रंप के बार-बार किए गए दावे को उनकी प्रमुख सफलताओं में से एक के रूप में लिखा गया है.
इस बार क्या बोले ट्रंप?
बाद में, जब ट्रंप ने शासन के एक साल पूरे होने पर प्रेस को जानकारी दी तो उन्होंने अपने दावे को फिर से दोहराया. हालांकि इस बार उन्होंने संघर्ष में गिराए गए विमानों की संख्या सात से बढ़ाकर आठ कर दी. उन्होंने कहा,’मैंने 10 महीनों में आठ ऐसे युद्ध खत्म किए जो खत्म नहीं हो सकते थे. पाकिस्तान और भारत. वे सच में एक-दूसरे से लड़ रहे थे. आठ विमान गिराए गए थे. मेरी राय में वे न्यूक्लियर हमला करने वाले थे. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यहां थे और उन्होंने कहा राष्ट्रपति ट्रंप ने 10 मिलियन लोगों की जान बचाई और शायद उससे भी कहीं ज्यादा.’
ट्रंप के दावों पर भारत
हालांकि यह ध्यान देने वाली बात है कि भारत ने लगातार किसी भी तीसरे पक्ष की दखलअंदाजी से इनकार किया है. भारतीय अधिकारियों के मुताबिक यह पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) थे जिन्होंने 10 मई को अपने भारतीय समकक्ष से संपर्क करके दुश्मनी खत्म करने का अनुरोध किया था. इसके बाद युद्धविराम पर सहमति बनी. यह ऑपरेशन जम्मू और कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था, जिसमें अप्रैल 2025 में 26 लोग मारे गए थे.
