News in Brief

Operation Sagar Bandhu: जब श्रीलंका में चक्रवात ‘दित्वाह’ ने कहर बरपाया तो पूरे देश में तबाही मच गई. नवंबर 2025 के आखिर में आए इस भीषण तूफान ने सैकड़ों लोगों की जान ले ली, हजारों घर तबाह कर दिए और सड़क- पुलों को तोड़कर कई इलाकों को एक-दूसरे से काट दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि आम जनजीवन पूरी तरह ठप पड़ गया.

कैंडी-नुवारा एलिया मार्ग टूटा, एक महीने तक ठप रही आवाजाही
चक्रवात का सबसे गंभीर असर श्रीलंका के मध्य प्रांत में देखने को मिला. कैंडी और नुवारा एलिया को जोड़ने वाले बी-492 राजमार्ग पर बना पुल ढह गया, जिससे यह प्रमुख मार्ग एक महीने से अधिक समय तक बंद रहा. इसका सीधा असर लोगों की आवाजाही, जरूरी सामान की आपूर्ति और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा. लोग परेशान थे, राहत सामग्री समय पर नहीं पहुंच पा रही थी और व्यापारिक गतिविधियां ठहर गई थीं.

भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, शुरू हुआ ऑपरेशन सागर बंधु
ऐसे संकट के समय भारत ने एक भरोसेमंद दोस्त की भूमिका निभाई और श्रीलंका के लिए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ की शुरुआत की.यह भारत का मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशन है, जिसके तहत प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित पड़ोसी देशों की मदद की जाती है.नवंबर 2025 में शुरू हुए इस अभियान के तहत भारत ने राहत सामग्री, मेडिकल सहायता और तकनीकी सहयोग तुरंत उपलब्ध कराया.

Add Zee News as a Preferred Source

भारतीय सेना का इंजीनियरिंग कमाल, तीसरा बेली ब्रिज तैयार
ऑपरेशन सागर बंधु के तहत भारतीय सेना की इंजीनियर टास्क फोर्स ने श्रीलंका में एक और अहम सड़क संपर्क बहाल कर दिखाया.बी-492 राजमार्ग पर कैंडी–नुवारा एलिया को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर तीसरे बेली ब्रिज का सफल निर्माण कर उसे चालू किया गया. यह पुल अब इलाके के लिए जीवनरेखा साबित हो रहा है, जिससे राहत सामग्री की आपूर्ति और सामान्य आवागमन फिर से संभव हो सका है.\

भारत–श्रीलंका के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया उद्घाटन
इस पुल का औपचारिक उद्घाटन श्रीलंका में भारत के उप उच्चायुक्त डॉ. सत्यांजल पांडेय और नुवारा एलिया से सांसद मंजुला सुरावीरा अराच्ची ने संयुक्त रूप से किया.इस मौके पर स्थानीय प्रशासन और समुदाय के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.अधिकारियों ने भारतीय सेना की तेजी और तकनीकी दक्षता की सराहना की.

आवागमन बहाल, अर्थव्यवस्था को मिली नई रफ्तार
भारतीय सेना के अनुसार पुल के चालू होते ही नागरिकों की आवाजाही सामान्य हो गई है और आर्थिक गतिविधियों को भी दोबारा गति मिली है.आवश्यक सेवाएं फिर से सुचारु हो पाई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है.

नेबरहुड फर्स्ट नीति का मजबूत उदाहरण
भारतीय सेना की यह पहल श्रीलंका के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है.यह भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति का जमीनी और प्रभावी उदाहरण है. संकट की इस घड़ी में सहयोग, एकजुटता और मानवीय सहायता के जरिए भारत–श्रीलंका संबंधों की मजबूती एक बार फिर साफ नजर आई है.