News in Brief

45 साल के नितिन नवीन अब भाजपा के नए प्रेसिडेंट हैं. खूब चर्चा है. 75 साल के पार्टी के सबसे बड़े नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से मैसेज दिया कि नितिन नवीन मेरे बॉस है और मैं कार्यकर्ता. कांग्रेस कार्यालयों में भी यह घटनाक्रम गौर से देखा गया होगा. कैसे भगवा दल ने अपनी स्थापना के 45 साल बाद बड़ा जनरेशनल शिफ्ट लिया. सवाल यह है कि 83 साल के नेता के नेतृ्त्व में चल रही ग्रैंड ओल्ड पार्टी क्या यह समझ रही है? क्योंकि यह चिंतन तो उसने 4 साल पहले 2022 में ही कर लिया था बस लागू करना भूल गई. आप कह सकते हैं कि उदयपुर वाला चिंतन असल में शिविर में ही छूट गया. खरगोश की तरफ कांग्रेस ने बढ़त लेने की कोशिश की थी लेकिन कहानी की तरह वह रास्ते में सुस्त पड़ गई और भाजपा ने बाजी मार ली. 

मई 2022 में कांग्रेस ने उदयपुर चिंतिन शिविर में ’50 अंडर 50′ का जो नारा दिया था, वह नारा ही रह गया. पार्टी को संगठन और चुनावी पदों पर 50 प्रतिशत सीटें 50 साल से कम उम्र के युवाओं के लिए आरक्षित करनी थी. कांग्रेस में तो 50 साल से कम उम्र के 1-2 नेताओं को ही आगे बढ़ने का मौका मिला लेकिन भाजपा ने एक झटके में पूरी पार्टी युवा नेतृत्व के हाथों में सौंप दी. एक मीडिया रिपोर्ट में नाम न छापने की शर्त पर भाजपा के एक नेता का बयान छपा कि केंद्रीय नेतृत्व की सोच यह है कि सुबह – शाम गोली खाने वाला व्यक्ति ज्यादा दौड़-भाग नहीं कर सकता है. 

इधर, कांग्रेस ने लक्ष्य तय किया था कि 50 साल से कम उम्र के युवाओं को चुनाव में टिकट दिया जाएगा. संगठन में सुधार किया जाएगा. 50 अंडर 50 के तहत कांग्रेस को युवा बनाने का संकल्प था. क्या हुआ, आप खुद देख लीजिए. 

Add Zee News as a Preferred Source

1. कांग्रेस वर्किंग कमेटी के 85 सदस्यों, स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्यों में से केवल 14 प्रतिशत ही 50 साल से कम उम्र के हैं. 4 साल पहले चिंतन शिविर में लिया गया युवा प्रतिनिधित्व का संकल्प हवा हो चुका है. 
2. कांग्रेस में सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था 36 सदस्यों वाली कांग्रेस कार्य समिति (CWC) ही है. इसके सदस्यों की औसत आयु 67 साल है. 
3. CWC के 34 स्थायी आमंत्रित सदस्यों की औसत आयु 61 साल है. इतना ही नहीं, 15 विशेष आमंत्रित सदस्यों की औसत आयु 52 साल है. इन तीनों श्रेणियों में कांग्रेस नेताओं की औसत आयु 60 साल है. 

fallback

इससे साफ पता चलता है कि कांग्रेस में रिटायर होने की कोई सीमा नहीं है. या इसका दूसरा पहलू यह है कि बुजुर्ग होने के बाद भी वे कुर्सी के मोह में फंसे हैं. मार्गदर्शक मंडल जैसा कुछ नहीं है. कांग्रेस की यह स्थिति मई 2022 में हुए चिंतिन शिविर से बिल्कुल उलट है. तब प्रस्ताव में कहा गया था, ‘भारत की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित करना है कि CWC, प्रदेश कांग्रेस समितियों, जिला कांग्रेस समितियों, ब्लॉक कांग्रेस समितियों और मंडल कांग्रेस समितियों में 50 प्रतिशत पदाधिकारी 50 साल से कम उम्र के हों.’ 

पढ़ें: लोकप्रियता इतनी नहीं थी फिर पीएम मोदी ने नितिन नवीन में क्या देखा? संघ भी खुश जरूर होगा

सच्चाई यह है कि कई चुनावी झटकों के बावजूद पार्टी उदयपुर घोषणा को गंभीरता से लागू करने में फेल रही है. एमपी और राजस्थान की लीडरशिप में बुजुर्ग vs युवा का संघर्ष देखने को मिला था लेकिन पार्टी युवा होने की तरफ नहीं बढ़ पाई. हाल में बिहार में 61 विधानसभा सीटों लड़ने वाली पार्टी केवल 6 सीटें ही जीत पाई. पार्टी के नेता वैसे तो कई कारण बताते हैं लेकिन हार की बड़ी वजह संगठन क्षमता की कमी भी है. नेता भी महसूस करते हैं कि युवा नेताओं को बढ़ावा देने की जरूरत है लेकिन पार्टी अब भी लोकप्रियता और फेस को ही महत्व दे रही है. इससे पार्टी पुराने, स्थापित और बुजुर्ग नेताओं के ही चक्रव्यूह में फंसी हुई है. 

तीन राज्यों का हाल जहां कांग्रेस सत्ता में

1. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी 56 साल के हैं. उनकी सरकार में मंत्रियों की औसत आयु 61 साल है. 15 मंत्रियों में से कोई भी 50 साल से कम उम्र का नहीं है. सबसे कम उम्र की मंत्री 54 साल की हैं. 
2. कर्नाटक में सीएम 77 साल के सिद्धारमैया हैं. यहां मंत्रियों की औसत आयु 65 साल है. 22 सदस्यीय कैबिनेट में 50 साल से कम उम्र के एकमात्र मंत्री प्रियांक खरगे (47) हैं जो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बेटे हैं. सात मंत्री 77, 77, 76, 74, 72, 72, 72 साल के हैं. 
3. हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 61 साल के हैं. 11 सदस्यीय कैबिनेट की औसत आयु 59 साल है. सबसे कम उम्र के मंत्री 36 साल के विक्रमादित्य सिंह हैं, जो पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे हैं. दो और मंत्री 39 और 48 साल के यानी 50 साल से कम उम्र के हैं. सबसे उम्रदराज मंत्री 85 साल के हैं. 

एक अच्छी बात

कांग्रेस इस बात से खुश हो सकती है कि उसके राज्य अध्यक्षों की औसत उम्र 58 साल के करीब है. छह राज्यों में कांग्रेस प्रमुख गोगोई (असम- 43 साल), दीपक बैज (छत्तीसगढ़- 44), अमित पाटकर (गोवा- 41), अमित चावड़ा (गुजरात- 49), विनय कुमार (हिमाचल प्रदेश- 47) और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग (पंजाब- 48) साल के हैं. सबसे उम्रदराज राज्य कांग्रेस अध्यक्ष मिजोरम में 76 साल के हैं.