News in Brief

Indian Army Vehicle Crash: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से बुधवार को एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां सेना का एक वाहन अचानक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में 4 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई है. वहीं 9 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. आइए जानते हैं ये हादसा कैसे हुआ?

पहाड़ी रास्ते से गुजर रहा था वाहन
बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ जब सेना का वाहन पहाड़ी रास्ते से गुजर रहा था. अचानक नियंत्रण बिगड़ने के बाद वाहन खाई में गिर गया. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों ने राहत और बचाव का काम शुरू किया गया. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. सेना की ओर से इस घटना पर अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब कुछ ही दिन पहले जम्मू-कश्मीर में एक और दुखद घटना सामने आई थी. 8 जनवरी को गुलमर्ग सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास दो आर्मी पोर्टर फिसलकर गहरी खाई में गिर गए थे. वे अनिता पोस्ट की ओर जा रहे थे. जिसके लिए बाद में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और दो दिन बाद उनके शव बरामद किए गए थे. मृतकों की पहचान 27 साल के लियाकत अहमद डीडार्ड और 33 साल के इश्फाक अहमद खटाना के रूप में हुई थी. बारामूला जिले के चंदूसा इलाके के रहने वाले थे.

Add Zee News as a Preferred Source

इससे पहले मई पिछले साल भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था. जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सेना का एक ट्रक सड़क से फिसलकर करीब 700 फीट गहरी खाई में गिर गया था. यह हादसा 4 मई को सुबह करीब 11:30 बजे बैटरी चश्मा के पास हुआ था. 

बता दें कि सेना का यह ट्रक जम्मू से श्रीनगर जा रहे काफिले का हिस्सा था . नेशनल हाईवे-44 पर चल रहा था. इस हादसे में तीन जवानों की मौत हो गई थी. मृत जवानों की पहचान सिपाही अमित कुमार, सुजीत कुमार और मन बहादुर के रूप में की गई थी. 

सोचने वाली बात ये हैं कि लगातार हो रहे ऐसे हादसे एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सफर की मुश्किलों और खतरों को सामने ला रहे हैं. फिलहाल डोडा हादसे में घायल जवानों के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: असम के कोकराझार में हिंसा, आपस में भिड़े बोडो और आदिवासी; 2 लोगों की मौत के बाद इलाके में सेना की तैनाती