ब से बाल ठाकरे… कई दशकों तक बंबईया लोग यही अर्थ जानते और मानते थे. वह शायद बॉम्बे के अब तक के सबसे बड़े शोमैन थे. हां, सुजाता आंनदन की किताब हिंदू हृदय सम्राट की प्रस्तावना में लिखा है कि बाल ठाकरे असल में राज कपूर, अमिताभ बच्चन और राजेश खन्ना से भी बड़े परफॉर्मेंसर थे. यहां तक कि उनका अपना नाम भी विशेष रूप से तैयार किया गया था, जैसे दिलीप कुमार का.
ठाकरे परिवार का कनेक्शन मध्य प्रदेश से जोड़ा जाता है लेकिन ठाकरे परिवार आधिकारिक रूप से खुद को नासिक के अमीर जमींदारों से जोड़ते हैं. किताब में यह भी मिलता है कि बाल ठाकरे के दादा ने पनवेलकर उपनाम का इस्तेमाल किया था क्योंकि परिवार पनवेल में बस गया था. दिलचस्प बात यह है कि सामान्य रूप से Thakre ऐसे लिखा जाता था लेकिन बाल ठाकरे के नाम में Thackeray था.
ठाकरे या थैकरे?
इसी किताब में जिक्र मिलता है कि बाल ठाकरे के पिता केशव ठाकरे ‘वैनिटी फेयर’ के लेखक विलियम मेकपीस थैकरे के प्रशंसक थे इसलिए उन्होंने परिवार का नाम बदल दिया. थैकरे का जन्म कोलकाता में हुआ था. वह 19वीं सदी के अंग्रेजी के प्रसिद्ध उपन्यासकार रहे हैं.
प्रमोशन नहीं मिला तो नौकरी छोड़ी
बाल ठाकरे ने एक अखबार में कार्टूनिस्ट के तौर पर शुरुआत की लेकिन कुछ समय बाद नौकरी छोड़ दी. उन्होंने दावा किया कि दक्षिण भारतीय लोगों के समूह ने उन्हें प्रमोशन नहीं दिया. ऐसे समय में जब मराठी बोलने वालों को अपना राज्य मिला था, ठाकरे को लगा कि वह मराठी अस्मिता और राष्ट्रवाद के साथ गुजराती और दक्षिण-भारतीय विरोधी भावनाओं को जोड़ सकते हैं. इससे पहले पुराने बॉम्बे स्टेट में आज के गुजरात का कुछ हिस्सा भी शामिल था. ठाकरे के नाराजगी की वजह यह थी कि ज्यादा पढ़े-लिखे दक्षिण भारतीय व्हाइट-कॉलर ऑफिस की नौकरियों पर दबदबा बनाए हुए थे.
आगे ठाकरे ने पाया कि उनके भीतर भीड़ को मंत्रमुग्ध करने की क्षमता है. आमतौर पर नेता भाषण कला पर निर्भर रहते हैं लेकिन बाल ठाकरे को पता था कि मजेदार, स्मार्ट, व्यंग्यात्मक फिर प्रेरणादायक कैसे बनना है. उनकी इसी स्किल्स ने सत्ताधारी कांग्रेस की नजर में ला दिया.
कांग्रेस के साथ फिर…
1960 के दशक के मध्य में शहर के औद्योगिक मजदूर वर्ग के बीच कम्युनिस्टों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा था और कांग्रेस के नेताओं को कम्युनिज्म से लड़ने के लिए राष्ट्रवाद का इस्तेमाल करने की जरूरत थी. ठाकरे उनके मोहरे बन गए. इमरजेंसी के दौरान ठाकरे की प्रेस को बंद कर दिया गया और उनके संगठन को निशाना बनाया गया. इसके बावजूद उन्होंने इंदिरा गांधी का समर्थन किया. जब इमरजेंसी के बाद की जनता सरकार ने उन्हें गिरफ्तार किया तो बंद का ऐलान कर दिया. 1990 के दशक में जब प्रमोद महाजन ने उन्हें राज्य सरकार में असली सत्ता का वादा करके बीजेपी गठबंधन में शामिल नहीं किया, तब तक ठाकरे ने कांग्रेस से नाता नहीं तोड़ा था.
ठाकरे की राजनीति व्यावहारिक थी और स्क्रिप्ट समय के साथ बदलती रहती थी. शुरुआती दिनों में वह कम्युनिस्टों के खिलाफ बोलते हुए मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन करके खुश थे लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि उनकी कम्युनिस्ट विरोधी, बाहरी विरोधी नीतियां बॉम्बे के बाहर कुछ भी मायने नहीं रखती हैं तो वह मुस्लिम विरोधी मंच पर आ गए. उन्होंने शिवसेना को हिंदुओं के रक्षक के तौर पर पेश किया.
जनवरी 1993 में जब मुंबई के राधाबाई चॉल में एक हिंदू परिवार के छह सदस्यों को जिंदा जला दिया गया तो ठाकरे आगबबूला हो गए. उन्होंने शिवसेना को एक हिंदू सेना के रूप में पेश किया. अपने अखबार सामना के पहले पन्ने पर इस घटना का व्यापक ब्यौरा छापा गया. लिखा था- ‘निहत्थे नागरिकों को जिंदा जला दिया गया, सरकार ने हरा बुर्का पहन रखा है और भिंडी बाजार के कोने में खड़ी है… हिंदू युवा इस देश को जिंदा रखेंगे.’
छवि को लेकर सतर्क थे बाल ठाकरे
दंगों के कई महीने बाद जाने माने फिल्म निर्माता मणिरत्नम ने इस पर ‘बॉम्बे’ नाम से फिल्म बनाई. इसमें सैनिकों को मारते-पीटते और लूटपाट करते दिखाया गया था और फिल्म का अंत एक ऐसे दृश्य से होता है जिसमें ठाकरे पर आधारित एक किरदार हिंसा से डरा हुआ था. एक मुस्लिम नेता ने भी ऐसी ही भावनाएं व्यक्त कीं और दोनों को खूनखराबे पर पछतावा करते हुए दिखाया गया, जिसे उन्होंने शुरू किया था.
‘बॉम्बे’ फिल्म के खिलाफ हो गए ठाकरे
ठाकरे ने फिल्म पर आपत्ति जताई. उन्होंने ऐलान किया कि वह इसे बॉम्बे में नहीं चलने देंगे. फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर एक्टर अमिताभ बच्चन, ठाकरे के दोस्त थे इसलिए वह उनसे मिलने गए. क्या ठाकरे को शिव सैनिकों को दंगाई के तौर पर दिखाए जाने पर आपत्ति थी? ठाकरे ने कहा कि उन्हें उस सीन पर आपत्ति थी जिसमें ठाकरे का किरदार पछतावा जाहिर करता है. उन्होंने गरजते हुए कहा कि मुझे किसी बात का पछतावा नहीं है.
वीर सांघवी किताब में लिखते हैं कि ठाकरे अपनी इमेज को लेकर बेहद सतर्क रहते थे और इमेज से ही परफॉर्मेंस थी. ठाकरे ने उनसे कहा था कि पब्लिक की सोच में उन्हें कैसे दिखाया जाता है, यह मायने रखता है. यही वजह थी वह एक किताब में खुद को छोटा दिखाए जाने पर भड़क गए थे.
मेरे घर पर पत्थर फेंकने की हिम्मत…
एक बार बाल ठाकरे ने वरिष्ठ पत्रकार को 1969 के एक किस्से के बारे में बताया जब पुलिस उन्हें हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार करने की योजना बना रही थी. दोस्तों ने सुझाव दिया कि वह अपने लोगों से घर पर कुछ पत्थर फेंकने को कह दें जिससे कुछ खिड़कियां टूट जाएं. इस तरह वह यह तर्क दे सकते थे कि वह भी हिंसा का शिकार हुए हैं. हालांकि ठाकरे ने साफ मना कर दिया.
उन्होंने कहा कि वह गिरफ्तार होना पसंद करेंगे, बजाय इसके कि यह मानें कि किसी में उनके घर पर पत्थर फेंकने की हिम्मत हो सकती है. अगर लोग मेरे साथ ऐसा कर सकते हैं तो मैं वैसे भी खत्म हो जाऊंगा.
