Ulhasnagar News: महाराष्ट्र के उल्हासनगर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहां पर फ्री में चाय पीने को लेकर हुए झगड़े में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना उल्हासनगर के कैंप नंबर 3 के खत्रमल चौक पर मौजूद साईबाबा टी प्वाइंट पर हुई. हालांकि, पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. लेकिन इस घटना के पीछे का कारण जानकर आप हैरान रह जाएंगे.
दरअसल, उल्हासनगर के खत्रमल चौक पर बनी साईबाबा टी पॉइंट दुकान पर तीन लोग चाय पीने पहुंचे. आरोपियों ने दुकानदार विनोद नारा से फ्री में चाय मांगी, जिस पर विनोद ने चाय देने से मना कर दिया. इसके बाद देखते ही देखते आरोपियों और दुकानदार के बीच बहस बढ़ गई और बात मारपीट तक पहुंच गई. हमलावरों ने दुकान के बाहर रखे वाइपर पाइप को उठाया और विनोद नारा को पीटना शुरू कर दिया. इस हमले में विनोद को गंभीर चोटें आईं हैं.
फ्री की चाय
इतना ही नहीं, फ्री की चाय पीने के चक्कर में हुई इस लड़ाई की जद में दो युवक और भी आ गए. दरअसल, ये दोनों युवक दुकान के अंदर बैठे हुए थे, जिनका नाम करण सचदेव और सोनू यादव है. हमलावरों इन दोनों युवकों पर भी लोहे की राड से हमला किया, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आईं हैं. वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने विनोद नारा की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि आरोपियों की पहचान को लेकर अभी तक किसी तरह की पुष्टि नहीं हो पाई है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
कैंप नंबर 3 के पास हुई इस घटना की पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है. क्योंकि दुकानदार के अलावा दुकान पर बैठे दो अन्य युवकों की पिटाई को लेकर संदेह गहराता जा रहा है. सूत्रों के अनुसार इस मामले में पुरानी रंजिश भी हो सकती है. जिसके लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना को बारीकी से देख रही है, ताकि पूरी घटना को समझा जा सके.
यह भी पढ़ें: पुलिस के 5 साल के बेटे को जबरदस्ती अगवा करके ले जा रहा था युवक, तभी मां की एक चीख ने पल भर में पलट दी पूरी कहानी
