News in Brief

Trump hikes tariffs on south korea: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया से आने वाले कई सामानों पर टैरिफ बढ़ाने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि अब इन वस्तुओं पर 15 प्रतिशत की जगह 25 प्रतिशत शुल्क लगेगा. यह फैसला उन्होंने सोमवार को लिया है. ट्रंप ने यह बात अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखी थी. उन्होंने कहा कि कोरियाई संसद ने अभी तक ऐतिहासिक व्यापार समझौते को मंजूरी नहीं दी है. इसी वजह से टैरिफ बढ़ाने का फैसला किया गया है.

किन चीजों पर लगेगा टैरिफ?
ट्रंप के मुताबिक, यह बढ़ा हुआ टैरिफ कारों, लकड़ी, दवाइयों और बाकी सामानों पर लागू होगा. उन्होंने साफ किया कि यह उनका अधिकार है और वह इसे लागू कर रहे हैं. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि नई दरें तुरंत लागू हुई हैं या नहीं. ट्रंप के बयान से यह संकेत मिलता है कि दोनों देशों के बीच व्यापार को लेकर तनाव बढ़ रहा है.

दक्षिण कोरिया अमेरिका के लिए बड़ा निर्यातक देश है. 2024 में उसने अमेरिका को करीब 132 अरब डॉलर का सामान भेजा था. इसमें सबसे ज्यादा हिस्सा कारों, ऑटो पार्ट्स, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स का रहा है. अब टैरिफ बढ़ने से इन चीजों की कीमत अमेरिका में बढ़ सकती है. इसका असर वहां के ग्राहकों और कंपनियों दोनों पर पड़ेगा.

Add Zee News as a Preferred Source

अमेरिकी कंट्रोल में होगा निवेश
यह फैसला जुलाई में हुए समझौते से उलट है. उस समय ट्रंप ने कहा था कि दक्षिण कोरिया से आने वाले सामान पर 15 प्रतिशत का समान टैरिफ लगेगा. यह उनकी पहले दी गई धमकी से कम था. उस समझौते में यह भी कहा गया था कि दक्षिण कोरिया अमेरिका में 350 अरब डॉलर का निवेश करेगा. यह निवेश अमेरिकी कंट्रोल में होगा. अब नए फैसले से उस समझौते पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

ट्रंप का ये कदम ऐसे समय पर आया है जब उनके टैरिफ लगाने के अधिकार को लेकर कानूनी जांच चल रही है. नवंबर में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में इस मुद्दे पर सुनवाई हुई थी. इसमें पूछा गया था कि क्या राष्ट्रपति बिना संसद की मंजूरी के टैरिफ लगा सकते हैं. कोर्ट ने अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं दिया है. इससे पहले भी ट्रंप कई बार टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी दे चुके हैं, लेकिन उन्हें लागू नहीं किया गया था. अब देखना होगा कि यह नया फैसला आगे क्या रूप लेता है.

ये भी पढ़ें: खत्म होने वाली थी ये नस्ल, भारतीय सेना ने बना लिया अपना ‘कमांडो’! जंस्कारी पोनी की दहाड़ से गूंज उठा कर्तव्य पथ