Ancient Iron Age Longest Spear Discovered: तमिलनाडु के तेनकासी जिले के पास थिरुमलापुरम इलाके में खुदाई के दौरान इतिहास से जुड़ा एक चौंकाने वाला सबूत सामने आया है. यहां पुरातत्व विभाग की टीम को लोहे के दौर का 8 फीट लंबा भाला मिला है. विशेषज्ञों की मानें तो यह अब तक भारत में मिला आयरन एज का सबसे लंबा लोहे का औजार है.
इससे पहले तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले के सिवगालाई इलाके से आयरन एज की सबसे पुरानी तारीख, करीब 3345 ईसा पूर्व, सामने आई थी. थिरुमलापुरम वही इलाका है जो सिवगालाई से करीब 80 किलोमीटर दूर है. इसी वजह से यह खोज और भी अहम मानी जा रही है.
दो भाले और कलश
खुदाई का नेतृत्व करने वाले के. वसंतकुमार ने बताया कि यहां दो भाले मिले हैं. एक भाला 8 फीट लंबा है, जबकि दूसरा करीब 6.5 फीट का है. दोनों भाले एक दफन कलश के पास ‘X’ के आकार में रखे हुए थे. इसी कलश के अंदर सोने की कुछ चीजें भी मिली हैं. लंबे भाले का एक सिरा थोड़ा गोल है, जिससे लगता है कि इसे हाथ में पकड़ना आसान रहा होगा.
रस्म से जुड़ा हो सकता है भाला
आयरन एज की जानकार और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी की पूर्व प्रोफेसर विभा त्रिपाठी का कहना है कि ऐसे दफन स्थलों से पहले भी हथियार मिलते रहे हैं. यहां से चाकू, तलवार, खंजर और भाले जैसे औजार पहले भी निकले हैं. इससे लगता है कि यह भाला किसी पुराने योद्धा का रहा होगा जो अपने पशुओं और संपत्ति की रक्षा करता था.
ताकत और रुतबे की निशानी
दक्कन कॉलेज पुणे के पूर्व प्रोफेसर आर.के. मोहंती का मानना है कि इतना लंबा भाला आम इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि खास तौर पर बनाया गया हो सकता है. हो सकता है यह किसी ताकतवर या ऊंचे दर्जे वाले व्यक्ति की पहचान दिखाने के लिए बनाया गया हो. उसी के साथ दफन किया गया हो.
तमिलनाडु की मिट्टी में लोहा सुरक्षित
विशेषज्ञ बता रहे हैं कि तमिलनाडु की मिट्टी में लोहे के अवशेष अच्छी हालत में सुरक्षित रहते हैं. उत्तर भारत के गंगा वाले इलाकों में मिट्टी गीली होने के कारण लोहा जल्दी खराब हो जाता है. कई बार वहां सिर्फ लोहे का निशान ही मिल पाता है पूरा औजार नहीं मिलता है.
बता दें, जानकारों ने तमिलनाडु के पुरातत्व विभाग से अपील की है कि इस खोज पर और गहराई से अध्ययन किया जाए. जिससे दुनिया भर में इसे सही पहचान मिल सके. लोहे को गलाने के लिए 1200 से 1500 डिग्री सेल्सियस तक तापमान चाहिए होता है जिससे साफ है कि उस दौर की तकनीक काफी आगे रही होगी.
तमिलनाडु पुरातत्व विभाग के सलाहकार के. राजन ने बताया कि राज्य में 3000 से 2500 ईसा पूर्व के बीच लोहे के औजार इस्तेमाल हो रहे थे. वहीं विभाग के संयुक्त निदेशक आर. शिवानंदम ने कहा कि अगले दो साल में आईआईटी गांधीनगर के साथ मिलकर राज्य के अलग-अलग आयरन एज स्थलों पर अध्ययन किया जाएगा. जिससे लोहे की तकनीक के विकास को अच्छे से समझा जा सके.
यह भी पढ़ें: 40000 लोग, 2000 करोड़ की इंडस्ट्री… भारत का कौन सा राज्य कहलाता है हैंडलूम कैपिटल, हाथों से महिलाएं करती हैं ‘जादू’
