News in Brief

Kumar Vishwas: कवि और वक्ता कुमार विश्वास ने तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन की सनातन धर्म से जुड़ी टिप्पणियों को लेकर कड़ी आलोचना की है. ‘उदीशा’ कार्यक्रम में राम कथा के दौरान उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के एक नेता, जिनके दादा का नाम भगवान राम से जुड़ा है, वही राम के अस्तित्व पर सवाल उठा रहे हैं. कुमार विश्वास ने कहा कि अगर राम का अस्तित्व ही नहीं है, तो उनके दादा कहां से आए? उन्होंने इस तरह के बयानों को आस्था को ठेस पहुंचाने वाला बताया और कहा कि भगवान राम और उनसे जुड़ी परंपराओं पर टिप्पणी करना करोड़ों लोगों की भावनाओं को आहत करता है.

इस बीच, भाषा विवाद पर भी उन्होंने अपनी बात रखी. कुमार विश्वास ने कहा कि तमिल एक समृद्ध और महान भाषा है और हर भारतीय को तमिल सहित तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बंगाली जैसी सभी भारतीय भाषाओं के विकास की कामना करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भाषाओं के नाम पर टकराव पैदा करना एक राजनीतिक रणनीति है. साथ ही उन्होंने हिंदी भाषियों से भी अपील की कि वे दक्षिण भारतीय भाषाओं के महान साहित्य और विद्वानों को पढ़ें और समझें.

ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति भवन में ‘पटका’ पर पॉलिटिक्स! राहुल गांधी के पहनावे से गरमाई सियासत, BJP-कांग्रेस आमने-सामने

Add Zee News as a Preferred Source

भारत अब नहीं करेगा कोई समझौता: कुमार विश्वास

कार्यक्रम के दौरान समकालीन राजनीतिक और सुरक्षा मुद्दों पर भी कुमार विश्वास ने टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि भारत अब पहले जैसा नहीं रहा और आतंकी हमलों को हल्के में नहीं लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि वो दिन चले गए जब लोग यहां आकर हमला करते थे और हम सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सबूत पेश करते थे. अब अगर कोई भारत में आतंक फैलाएगा, तो उसे जहां भी होगा, वहां ढूंढकर जवाब दिया जाएगा.

कुमार विश्वास ने यह भी कहा कि देश की जनता में इतनी ताकत और संसाधन हैं कि वह राम मंदिर के साथ-साथ मथुरा और काशी में भी भव्य मंदिरों का निर्माण कर सकती है. कुमार विश्वास ने जोर देकर कहा कि नया भारत अपनी सुरक्षा, संस्कृति और आस्था को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा.