नए साल की शुरुआत भाजपा के लिए शुभ रही. सहयोगी एकनाथ शिंदे की मदद से अमीर नगर निगम बीएमसी में बढ़त मिली. इसके साथ-साथ पार्टी ने पूरे महाराष्ट्र के नगर निकायों में जीत हासिल की है. पवार परिवार का गढ़ माने जाने वाले पुणे में भी सत्ता बरकरार रखी. इसके बाद भाजपा ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की घोषणा की. 45 साल के नवीन पांच बार के बिहार विधायक रहे हैं. वह बीजेपी के अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष हैं. उन्हें आगे किया जाना पार्टी के कामकाज की नई शैली को दिखा रहा है. संगठन को तरजीह दी जा रही है. इससे संघ भी खुश होगा. नवीन के पीछे पूरी पार्टी खड़ी दिखी. प्रधानमंत्री से लेकर राज्य में पार्टी प्रमुखों तक ने इस अवसर को धूमधाम से प्रमोट किया. कांग्रेस 2022 में मल्लिकार्जुन खरगे को पार्टी प्रमुख बनाते समय चूक गई थी. दलित समुदाय को मैसेज तो गया लेकिन उतने धमाकेदार तरीके से नहीं.
वरिष्ठ पत्रकार नीरजा चौधरी लिखती हैं कि अब अगर विपक्षी दल सटीक कदम उठाते हैं तो यह साल 2026 उनका हो सकता है. जाहिर है तेजतर्रार ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों में बीजेपी को अपनी टीएमसी पर हावी नहीं होने देंगी. उधर, तमिलनाडु में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन अब भी अपनी पकड़ बनाए हुए दिखते हैं. केरल में मुख्य चैलेंजर कांग्रेस अच्छी स्थिति में है और वह सत्ताधारी सीपीआई (एम) को हरा भी सकती है. हालांकि असम में कांग्रेस के लिए मुश्किल जरूर होगी.
वैसे, गौरव गोगोई का हाथ मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने वहां प्रियंका गांधी को भेजा है लेकिन वहां पार्टी का मुकाबला भाजपा के सबसे बड़े चेहरे खुद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से है. यह भी है कि राजनीति में कुछ भी निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता.
एक लेख में नीरजा चौधरी लिखती हैं कि पीएम मोदी ने बिना समय गंवाए अपना ध्यान दक्षिणी राज्यों (केरल और तमिलनाडु) पर केंद्रित किया है. वहां अप्रैल में चुनाव होने वाले हैं. पार्टी साउथ में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी कोशिश कर रही है. भाजपा दोनों राज्यों में काफी पीछे है लेकिन उसने हाल के शहरी और ग्रामीण निकाय चुनावों में केरल में अपनी पैठ जरूर बनाई है और तिरुवनंतपुरम नगर निगम में शानदार जीत हासिल की है.
केरल स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस ने पूरे राज्य में 29% से ज्यादा वोट हासिल किए. सीपीआई (एम) को 27% जबकि भाजपा को करीब 15% वोट मिले. इस विजय में जान फूंकने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए ही पीएम ने पिछले हफ्ते कांग्रेस सांसद शशि थरूर के लोकसभा क्षेत्र तिरुवनंतपुरम में शानदार रोड शो किया. उन्होंने यहां 1987 में अहमदाबाद नगर निकाय चुनाव में मिली जीत का जिक्र किया जिसके बाद गुजरात में भाजपा का ग्राफ बढ़ा था.
केरल के पूर्व सीएम को पद्म सम्मान
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीआई (M) के दिग्गज नेता वीएस अच्युतानंदन को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है. चुनाव से पहले इस घोषणा ने एक बड़ा संदेश भी दिया है. राज्य में इसकी चर्चा होना लाजिमी है.
केरल से तमिलनाडु
हां, हाल में पीएम पहले केरल फिर तमिलनाडु गए थे. नीरजा चौधरी कहती हैं कि पीएम ने एक तरफ DMK पर भ्रष्टाचार, माफिया, अपराध और वंशवाद का आरोप लगाते हुए हमला किया तो दूसरी तरफ एक बड़े एनडीए गठबंधन की जमीन तैयार की. वैसे, ध्यान रखना चाहिए कि पीएम ने 2024 के लोकसभा चुनावों में तमिलनाडु में जमकर प्रचार किया था लेकिन भाजपा कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाई.
पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली AIADMK, अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाले PMK और कुछ छोटे संगठनों के अलावा भाजपा AMMK प्रमुख टीटीवी दिनाकरन को एनडीए में लाने में कामयाब रही है, जिन्हें 2017 में AIADMK से निकाल दिया गया था.
वैसे भाजपा और AIADMK के बीच अभी यह तय नहीं है कि चुनाव में एनडीए जीता तो सत्ता में हिस्सेदारी कैसे होगी. ट्रेंड यही रहा है कि दोनों में से कोई भी बड़ी द्रविड़ पार्टियां अपनी सरकार में सहयोगियों के साथ सत्ता साझा करने के पक्ष में नहीं रहती हैं.
भाजपा का फायदा तब जब…
हां, कुछ एक्सपर्ट का मानना है कि तमिलनाडु में भाजपा के लिए स्कोप तब होगा जब हंग असेंबली बने. ऐसे में वह अपना फायदा आगे रख सकेगी. हंग असेंबली की संभावना तब बन सकती है जब कांग्रेस और डीएमके का गठबंधन टूटे और एक्टर से नेता बने विजय की पावर बढ़े. वह राज्य में तीसरे मोर्चे के तौर पर उभरे हैं. हालांकि कांग्रेस और DMK का रिश्ता टूटेगा, इसकी संभावना नहीं है. मंथन इस पर हो रहा है कि विजय के साथ गठबंधन कौन और कैसे करे.
कांग्रेस को संभलना होगा
कांग्रेस फिलहाल शशि थरूर से नाराज चल रही है. पिछले हफ्ते से एक बार फिर स्थिति थोड़ी असहज हुई है. वैसे कांग्रेस नाराज तो ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही है. अब चुनाव करीब आने पर फूंक-फूंककर कदम रख रही है. 2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने राज्य की 20 लोकसभा सीटों में से 18 सीटें जीती थीं. अगर थरूर नाराज होते हैं और कोई दरार पड़ती है तो केरल में कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुंचेगा. इससे LDF और भाजपा को फायदा होगा.
अगर विपक्ष इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करता है तो उसे मनोवैज्ञानिक फायदा होगा. भाजपा ऐसा नहीं चाहेगी. भाजपा को पता है कि उसे 2027 में बड़ी चुनौतियों का सामना करना है. अगले साल उत्तर प्रदेश, गुजरात और पंजाब में चुनाव होने हैं, जो 2029 की बड़ी लड़ाई के लिए उसकी राह मजबूत करेंगे.
