पूरा मामला कर्नाटक के उडुपी जिले के सस्थान टोल प्लाजा से जुड़ा है. रविवार रात करीब 9 बजे एक पूर्व सैनिक को टोल भुगतान को लेकर रोके जाने का आरोप लगा था. बताया गया कि टोल प्लाजा के कर्मचारियों के व्यवहार से आहत होकर पूर्व सैनिक ने इसका वीडियो बनाया था, और बाद में सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो गया.
क्या है पूरा मामला
जिस पूर्व सैनिक के साथ बदसलूकी हुई उनकी पहचान 21 साल पैरा स्पेशल फोर्स के कमांडो श्यामराज के रूप में हुई है. वह व्हीलचेयर पर हैं और ऑपरेशन पराक्रम के दौरान घायल हो गए थे. श्यामराज ने बताया कि वह अपनी पत्नी की पोस्टिंग से जुड़े टोल छूट के कागजात लेकर जा रहे थे. उन्होंने कहा कि इससे पहले वह कई दूसरे टोल बूथ से बिना किसी परेशानी के निकल चुके थे.
टोल कर्मचारियों पर आरोप
श्यामराज का आरोप है कि सस्थान टोल बूथ पर मौजूद कर्मचारियों सुरेश और शिवराज ने उन्हें रोक लिया. उन्होंने एक्स-सर्विसमैन आईडी और दिव्यांगता से जुड़े दस्तावेज दिखाए थे. वीडियो में श्यामराज यह कहते हुए भी सुनाई देते हैं कि जब उनके पास छूट के कागज हैं तो फिर उन्हें क्यों रोका जा रहा है? वह इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी सवाल करते नजर आते हैं.
वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई. उडुपी के एसपी हरिराम शंकर ने बताया कि इस घटना में शामिल सभी टोल कर्मचारियों को थाने बुलाया गया. उन्हें सही व्यवहार को लेकर समझाया गया, खासकर पूर्व सैनिकों और सेना के जवानों के साथ कैसे पेश आना चाहिए इस पर जोर दिया गया है.
टोल स्टाफ की सफाई और माफी
घटना के बाद टोल स्टाफ ने एक माफी वीडियो भी जारी किया है. कर्मचारियों ने कहा कि श्यामराज ने पहले एक्स-सर्विसमैन आईडी दी थी, लेकिन उन्हें लगा कि उस पर टोल छूट नहीं है. बाद में उन्होंने दिव्यांगता का कार्ड दिखाया जिसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया लेकिन जवाब आने में देर हो गई थी. इसके बाद उन्हें टोल से छूट दी गई और मौके पर ही माफी भी मांगी गई है.
पुलिस के अनुसार पूर्व सैनिक श्यामराज ने इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना ने लोगों का ध्यान खींचा है. टोल प्लाजा पर सैनिकों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
यह भी पढ़ें: कोलकाता में ‘यमदूत’ बनकर आई आग! गहरी नींद में सो रहे थे मजदूर, 7 जिंदा जले; 21 अब भी लापता
