Republic Day 2026: भारत में कल समोवार 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में ‘एट होम’ रिसेप्शन का आयोजन किया, जिसमें पीएम मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, यूरोपियन यूनियन के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और कई मेहमान मौजूद रहे. इस समारोह में मौजूद मेहमानों को उत्तर भारत के कई पारंपरिक व्यंजन परोसे गए. इन व्यंजनों को मुख्य रूप से शेफ प्रतीक संधू और कमलेश नेगी की टीम की ओर से तैयार किया गया था.
हिमालयी क्षेत्र के व्यंजन परोसे गए
बता दें कि ‘एट होम’ इवेंट एक लंबे समय से चली आ रही परंपरा है, जो हर साल गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी साल 1950 को भारत के संविधान को अपनाने की याद में आयोजित की जाती है. इस साल के समारोह में परोसे गए व्यंजन देश के हिमालयी क्षेत्र से लिए गए, जो वहां रहने वाले समुदायों के भोजन के साथ उनके सदियों पुराने संबंधों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है. क्षेत्रीय उत्पादों और प्राचीन पाक तकनीकों पर आधारित ये व्यंजन कश्मीर और लद्दाख से लेकर हिमाचल, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर तक फैले हिमालयी क्षेत्र की विविधता को दर्शाते हैं, जिनमें मिट्टी से प्राप्त अनाज, जड़ी-बूटियां और धीमी आंच पर पकाए गए व्यंजन शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- ‘वे कैसे आ सकते हैं, उनके परिवार में 3 विदेशी हैं..,’ हिमंता का गौरव गोगोई पर निशाना, राहुल को बताया पूर्वोत्तर विरोधी
मेहमानों को दिया उत्तराखंड-मेघालय के लजीज व्यंजन
‘एट होम’ रिसेप्शन में मेहमानों को उत्तराखंड की फेमस डिश जाखिया आलू, हरी टमाटर की चटनी, सफेद चॉकलेट के साथ झंगोरे की खीर और मेघालय का मेआ लून परोसा गया. इसके अलावा उत्तराखंड के मुनस्यारी में पकने वाले सुंदरकला थिचोनी भी मेहमानों को परोसी गई.
बता दें कि सुंदरकला नूडल्स को भुने हुए टमाटर, फर्मेंटेड बैंगन, शलजम और आलू के शोरबे समेत सूखी सब्जी की चटनी के साथ परोसा जाता है. साथ में याक पनीर कस्टर्ड और भांग मठरी, सरसों और लौकी के साथ बिच्छू बूटी पत्ता और विंटर कैरट कढ़ी परोसी गई. सलाद के तौर पर उत्तराखंड के कुमाऊं में बनाया जाने वाला पारंपरिक पहाड़ी नींबू को परोसा गया. इसे हरे लहसुन, भांग, मीठे दही और मिर्च नमक के साथ मिलाया जाता है.
ये भी पढ़ें- ‘पंजाब किसी का हक नहीं मार रहा…,’ SYL नहर विवाद पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मांगा समाधान, हरियाणा सीएम के साथ की मीटिंग
मेन्यू में दिखे कश्मीरी फ्लेवर्स
‘एट होम’ में मेहमानों को कश्मीरी कटियम ब्रेड और कोरिएंडर बटर के साथ कद्दू सिंकी परोसा गया. इसके अलावा गुच्छी, खसखस, भुना हुआ टमाटर सॉस और हिमाचली चावल परोसे गए. इसमें कश्मीर की फेमस अखरोट की चटनी यानी दून चेटिन भी मेन्यू टेबल पर थी.
डेजर्ट की बात करें तो मेहमानों को तिमरू और सीबकथॉर्न क्रीम के साथ हिमालयन रागी और कश्मीरी एप्पल केक परोसा गया. साथ में असम के दिमा हसाओ की कॉफी को खजूर और इंडियन कोको आइसक्रीम के साथ एक लजीजी कस्टर्ड के रूप में परोसा गया. फल के तौर पर हिमालयी शहद से सजा हुआ परसिमन और जांभिरी नींबू मेन्यू टेबल पर रखा था.
