ajit pawar death: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार सुबह बारामती में विमान दुर्घटना में मौत हो गई है. यह हादसा उस समय हुआ, जब उनका विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था. विमान रनवे के पास संतुलन खो बैठा और जोरदार टक्कर के बाद उसमें आग लग गई थी. चंद पलों में पूरा विमान जलकर खाक हो गया था. इस दुर्घटना ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है. राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक शोक की लहर फैल गई है.
साथ में और कौन था सवार?
इस हादसे में अजित पवार अकेले नहीं थे. उनके साथ विमान में चार और लोग सवार थे, जिनकी भी मौके पर ही मौत हो गई है. विमान ऑपरेटर वीएसआर एविएशन ने इन लोगों की पहचान की साफ की है. विमान के पायलट सुमित कपूर थे, जबकि को-पायलट के रूप में सांभवी पाठक जिम्मेदारी संभाल रही थीं. दोनों ही पायलट अनुभवी और प्रशिक्षित बताए गए हैं. कंपनी का कहना है कि उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच पूरी की गई थी.
पायलट और को-पायलट के अलावा अजित पवार के दो स्टाफ सदस्य भी इस विमान में मौजूद थे. उनके नाम विदिप जाधव और पिंकी माली बताए गए हैं. ये दोनों लंबे समय से अजित पवार की टीम का हिस्सा थे. हादसे में इन चारों की भी जान चली गई. अधिकारियों के मुताबिक, विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बच सका. हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बचाव का कोई मौका नहीं मिला है.
कैसा था दुर्घटनाग्रस्त विमान ?
दुर्घटनाग्रस्त विमान Learjet 45 था, जिसे वीएसआर एविएशन ऑपरेट कर रहा था. इस विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था. यह एक मिड-साइज बिजनेस जेट है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चार्टर और आधिकारिक यात्राओं के लिए किया जाता है. नागरिक उड्डयन अधिकारियों के अनुसार, विमान सुबह करीब 8:48 बजे रनवे 11 पर उतरने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान पायलट का कंट्रोल छूट गया और विमान रनवे से टकरा गया था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान लैंडिंग के समय लड़खड़ाता हुआ दिखा था. कुछ ही सेकंड में तेज आवाज के साथ वह जमीन से टकराया और आग का गोला बन गया, बताया जा रहा है कि क्रैश के बाद कई जोरदार धमाके भी सुनाई दिए थे. हादसे के बाद अजित पवार का पार्थिव शरीर बारामती के एक अस्पताल ले जाया गया. वहां उनके परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में पहुंचने लगे थे.
ये भी पढ़ें: यह हैवी क्रैश था… अजित पवार का प्लेन कैसे गिरा? कौन-कौन था, क्या पता चला
