News in Brief

Ajit Pawar: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर ममता बनर्जी ने बड़ा सवाल खड़ा करते हुए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता आगे कहती हैं कि देश के अंदर कोई भी सुरक्षित नहीं है. इस मौके पर उन्होंने इसमें किसी साजिश की संभावना भी जताई और देश में राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए.

भाजपा छोड़ने वाले थे अजित पवार

मीडिया से बात करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पवार की मौत की खबर सुनकर उन्हें झटका लगा है और उन्होंने इस घटना को देश के लिए एक बड़ा नुकसान बताया. ममता ने दावा किया कि राजनीतिक नेताओं के लिए भी कोई सुरक्षा नहीं है और सोशल मीडिया पर चल रहे हालिया बयानों का जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि पवार भाजपा छोड़ने पर विचार कर रहे थे और दोनों एनसीपी एक होने वाली थी. 

हमें सिर्फ सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा

ममता बनर्जी ने कहा ,’आज जो हुआ है उससे गंभीर सवाल उठते हैं और आगे कहा कि सिर्फ सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में की गई जांच ही विश्वसनीय हो सकती है. बनर्जी ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों ने अपनी स्वतंत्रता खो दी है, हमें सिर्फ सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है, किसी अन्य एजेंसी पर नहीं.’

यह भी पढ़ें:
यह हैवी क्रैश था… अजित पवार का प्लेन बारामती में कैसे गिरा? कौन-कौन था, अब तक क्या पता चला

अन्य नेताओं ने भी की जांच की मांग

ममता बनर्जी के अलावा कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई, आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और वंचित बहुजन अघाड़ी नेता प्रकाश अंबेडकर समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए इस घटना के लिए जवाबदेही की मांग की. लालू प्रसाद यादव ने X पर कहा कि वह बहुत दुखी हैं और उन्होंने अजित पवार की आत्मा की शांति और उनके परिवार व समर्थकों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की, साथ ही दिवंगत नेता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की.

राज्य में 3 दिन के शोक का ऐलान

एनसीपी प्रमुख अजित पवार के निधन पर पूरे राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है. 28 से 30 जनवरी तक सभी सरकारी कार्यालय और राजकीय कामकाज बंद रहेंगे और झंडा आधा झुका रहेगा. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और वह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ जल्द ही बारामती के लिए रवाना हो रहे हैं.

यह भी पढ़ें:
दो कार और ट्रैक्‍टर के माल‍िक, व‍िमान हादसे में मारे गए अज‍ित पवार के पास क‍ितने करोड़ की संपत्‍त‍ि

क्या बोले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस?

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अजित दादा एक ऐसे नेता थे जो हमेशा जमीन से जुड़े रहे और जनता के बीच अपनी सादगी और मेहनत से लोकप्रिय थे. उनका असामयिक निधन कभी ना पूरा होने वाला नुकसान है. मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके लिए व्यक्तिगत रूप से यह एक बहुत बड़ा नुकसान है, क्योंकि वह एक दमदार और दिलदार मित्र थे. दोनों ने साथ में कई संघर्ष और राजनीतिक लड़ाइयां देखी हैं और महाराष्ट्र के विकास में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा.