Ajit Pawar Death: बुधवार को महाराष्ट्र से एक बुरी खबर सामने आई. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती हवाई अड्डे पर विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, लैंडिग के दौरान विमान क्रैश हो गया और इसमें भीषण आग लग गई. डिप्टी सीएम अजित पवार के अलावा विमान में 4 अन्य लोग भी सवार थे, जिसकी इस दुखद हादसे में मौत हो गई. अजित पवार महाराष्ट्र के बारामती दौरे पर थे, यहां आज उन्हें चार रैलियों में हिस्सा लेना था. चार्टर विमान मुंबई से बारामती जा रहा था, तभी सुबह 8:45 बजे वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस बीच जानकारी आई है कि इस हादसे के बाद अजित पवार के शव की पहचान उनकी घड़ी और कपड़ों से हुई. स्थानीय निवासियों ने इस बात की पुष्टि की है.
इस विमान हादसे के तुरंत बाद वहां पर स्थानीय लोग पहुंचे, जो आग बुझाने और सवार लोगों को बचाने की कोशिश में लग गए. हालांकि, ये हादसा इतना भयानक था कि आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका. स्थानीय निवासी तो पहले किसी भी शव की पहचान नहीं कर सके, लेकिन बाद में पवार की पहचान उनकी घड़ी से हुई. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, अजित पवार अक्सर काले डायल वाली चांदी की घड़ी पहने हुए नजर आते थे. हालांकि, आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने आज अपनी घड़ी पहनी थी या नहीं.
शवों की पहचान के लिए पहुंची फॉरेंसिक टीम
उल्लेखनीय है कि इस विमान हादसे में मारे गए अन्य लोगों के शवों को निकालने और उनकी पहचान करने में सहायता करने के लिए फोरेंसिक टीमों को बुलाया गया. अधिकारियों का कहना है कि मृतकों के शवों को मानक प्रोटोकॉल के अनुसार आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है. वहीं, इस हादसे पर एक चश्मदीद ने बड़ा दावा किया है. स्थानीय निवासी ने बताया कि हम लोग यहीं रहते हैं और हमारे पीछे एक हवाई पट्टी है. हमने देखा कि एक विमान वहां आया, लेकिन लैंड नहीं किया. विमान वहां से आगे गया और फिर कुछ समय बाद वापस मुड़ा और लैंड करने की कोशिश की. हालांकि, विमान फिर रनवे से ठीक पहले ही दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया. इस हादसे के बाद हमने अपने परिचितों को इसकी जानकारी दी और बाद में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.
यह भी पढ़ें: BJP का साथ छोड़ने वाले थे अजित पवार… ममता बनर्जी ने कहा- हम सिर्फ सुप्रीम कोर्ट की जांच को मानेंगे
स्थानीय निवासियों ने आग बुझाने की कोशिश की
स्थानीय निवासी ने दावा किया है कि उन लोगों ने पहले आग बुझाने की कोशिश की. 15 मिनट बाद ही आग पर काबू पा लिया गया. घटनास्थल पर एक शव पड़ा था, पहले हम उसकी पहचान नहीं कर सके, लेकिन बाद में हाथ में किसी चीज की मदद से पता चला कि वह दादा (अजित पवार) का शव था.
कब हुआ हादसा
गौरतलब है कि लीयरजेट 45 विमान ने मुंबई के जीए टर्मिनल से सुबह 8:10 बजे उड़ान भरी थी. हालांकि, बारामती हवाई अड्डे के रनवे पर पहुंचने पर ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई. इस हादसे की जांच की शुरू कर दी है. इस हादसे के बाद महाराष्ट्र में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है. सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे और राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा.
यह भी पढ़ें: अजित पवार का निधन फडणवीस के लिए बड़ा झटका क्यों है? महाराष्ट्र में मचेगी उथल-पुथल
