
)
Emraan Hashmi Son Ayaan Khan: इमरान हाशमी ने ज्यादातर फिल्मों में रोमांटिक और मुश्किल हालात से लड़ते हुए किरदार निभाए हैं, लेकिन असली जिंदगी ने उन्हें ऐसा दर्द दिया जिसकी स्क्रिप्ट किसी ने तैयार नहीं की थी. सालों की कामयाबी और पहचान से पहले साल 2014 के एक दिन ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी. हाल ही में रणवीर अल्लाहबादिया से बातचीत में इमरान ने अपनी लाइफ के सबसे दर्दनाक दौर को याद किया, जब उनके बेटे अयान को कैंसर होने का पता चला. उस वक्त वो सिर्फ 3 साल का था.
इमरान के लिए वो पल ऐसा था, जिन्होंने उन्हें स्टार नहीं, बल्कि एक पिता बना दिया. इमरान ने बताया कि उस दिन सब कुछ कितनी तेजी से बदल गया. उन्होंने कहा, ‘मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल वक्त वही था, जब 2014 में मेरा बेटा बीमार पड़ा. उस दौर को शब्दों में बताना मेरे लिए आज भी आसान नहीं है. यह करीब 5 साल तक चला. मेरी जिंदगी एक दोपहर में बदल गई’. उस दिन परिवार के साथ ब्रंच पर गए थे. सब कुछ नॉर्मल था, लेकिन कुछ घंटों में हालात पूरी तरह पलट गए. उस दिन की यादें आज भी इमरान के दिल में ताजा हैं.
12 घंटे में पलट गई जिंदगी – इमरान हाशमी
उन्होंने कहा, ‘13 जनवरी को हम पिज्जा खा रहे थे. वहीं पहली बार लक्षण दिखा. बेटे के यूरिन में खून आया. तीन घंटे के अंदर हम डॉक्टर के पास थे. डॉक्टर ने कहा कि आपके बेटे को कैंसर है. अगले दिन ऑपरेशन होगा और फिर कीमोथेरेपी’. सिर्फ 12 घंटों में उनकी पूरी दुनिया उलट-पुलट हो चुकी थी. बीमारी की सबसे बड़ी चोट उसकी अचानक आने वाली खबर थी. न कोई चेतावनी, न कोई अंदेशा. सब कुछ एक झटके में बदल गया. इमरान ने माना कि उस वक्त उनकी जिंदगी एक अच्छे मोड़ पर थी.
2 घंटे 18 मिनट की वो सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर, जिसने 10 गुना कमाई कर हिला दिया था बॉक्स ऑफिस, अब 3 साल बाद आ रहा सीक्वल
5 साल तक झेला ये दर्दनाक दौर
उन्होंने कहा, ‘ऐसा लगता है कि अब सब कुछ कंट्रोल में है. जिंदगी समझ आ गई है. तभी अचानक एक जोरदार झटका लगता है. ऐसा होता है’. यही बात उस दर्द को और गहरा बना गई. इसके बाद के पांच साल अस्पतालों, इलाज और डर के साए में बीते. इमरान कई बार कह चुके हैं कि उस दौर ने उन्हें जिंदगी को नए नजरिए से देखना सिखाया. करियर, शोहरत और एम्बिशन पीछे छूट गईं. सबसे जरूरी बन गया अपने बच्चे के साथ मौजूद रहना, धैर्य रखना और हर छोटे सुधार के लिए शुक्रगुजार होना.
अपने एक्सपीरियंस को किताब में उतारा
उस समय ने उन्हें अंदर से पूरी तरह बदल दिया. बाद में इमरान ने अपने एक्सपीरियंस को एक किताब का रूप दिया, ताकि उन माता-पिता की मदद कर सकें जो ऐसे ही हालात से गुजर रहे हैं. आज उनका बेटा बिल्कुल ठीक है और धीरे-धीरे पूरी तरह ठीक हो रहा है. इमरान उस दौर को अपनी जिंदगी का सबसे मुश्किल लेकिन सबसे सीख देने वाला समय मानते हैं. काम की बात करें तो उनकी हालिया सीरीज ‘तस्करी’ को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और उनकी परफॉर्मेंस की भी काफी तारीफ हो रही है.
