News in Brief

Confident Group Chairman Death News: बेंगलुरु में आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान एक बड़े रियल एस्टेट कारोबारी अपने घर में संदिग्ध हालत में मृत पाए गए. उनके शरीर पर गोली के निशान हैं. मृतक कारोबारी का नाम सीजे रॉय (57 वर्ष) है. वे कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन थे. जानकारी मिलते ही उन्हें पास के प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. 

आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान घटना

मामले से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई, जब इनकम टैक्स विभाग की टीमें कॉन्फिडेंट ग्रुप से जुड़े कई स्थानों पर छापेमारी कर रहे थे. उसी दौरान सीजे रॉय सेंट्रल बेंगलुरु के लैंगफोर्ड टाउन इलाके में अपने आवास पर घायल पाए गए.

Add Zee News as a Preferred Source

डिप्टी पुलिस कमिश्नर (सेंट्रल) अक्षय हकाय ने बताया कि रॉय को गोली लगी थी. उन्हें इलाज के लिए पहले एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया. लेकिन उनकी हालत गंभीर देख उन्हें नारायण अस्पताल में रेफर कर दिया. वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 

कोच्चि के मूल निवासी थे सीजे रॉय

उन्होंने कहा कि फिलहाल तय नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या थी या अन्य कोई वजह. इसका कारण ये है कि मौत के परिस्थितियां रहस्यमयी हैं. इसलिए सभी आशंकाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस हत्या की असल वजह क्या रही है. 

रिपोर्ट के मुताबिक, सीजे रॉय कोच्चि के मूल निवासी थे. वे एक नामी रियल एस्टेट कारोबारी होने के साथ ही मलयालम फिल्म उद्योग की भी चर्चित हस्ती थे. उनके कॉन्फिडेंट ग्रुप के कई प्रोजेक्ट बेंगलुरु और केरल समेत कई दक्षिणी राज्यों में चल रहे हैं. उन्होंने कई फिल्में भी प्रोड्यूस कीं. उनकी कंपनी बिग बॉस मलयालम की प्रमुख स्पॉन्सर भी थी. 

लंबे समय से कर विवादों का कर रहे थे सामना

इसके बावजूद उनकी कंपनी लंबे समय से कर विवादों में फंसी हुई थी. उन्होंने इन मामलों में कर्नाटक हाईकोर्ट और आयकर अपील प्राधिकरण में भी केस कर रखा था. जो अभी चल रहे हैं. इसी बीच उनके कारोबारी ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी कर दी. 

पुलिस अधिकारी इस घटना में सुसाइड की आशंका जता रहे हैं. इसकी वजह ये है कि घटना उनके लाइसेंसी हथियार से हुई है. हालांकि सही फैक्ट क्या है. इसे जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. इसके बाद ही घटना के बारे में पुख्ता जानकारी सामने आ पाएगी.