Union Budget: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आज आम बजट पेश किया. अपने भाषण के दौरान निर्मला सीतारमण ने कई बड़े ऐलान किए. वित्त मंत्री के बजट भाषण के समाप्त होने के बाद अब सियासत तेज हो गई है. जहां पर सत्ता पक्ष के नेताओं ने इस बजट को ऐतिहासिक करार दिया है, तो दूसरी ओर विपक्ष ने इस बजट को कुछ खास नहीं बताया. विपक्ष का आरोप है कि इस बजट में काफी मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि यह एक ऐसा बजट जो सुधार करने से इनकार करता है. अब राहुल गांधी के इस पोस्ट पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पलटवार किया है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के यूनियन बजट की आलोचना करने वाले ट्वीट पर कहा कि मुझे नहीं पता कि वह किस तरह के सुधार की बात कर रहे हैं. अर्थव्यवस्था और उसके फंडामेंटल्स मजबूत हैं. कई सेक्टर ग्लोबल अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं, जिनके लिए हम छोटे और मध्यम उद्यमों, टेक्सटाइल, लेदर, ग्रामीण इलाकों में काम करने वाले लोगों के लिए कई अलग-अलग योजनाएं लाए हैं, किसानों और वैल्यू एडिशन के लिए, महिला उद्यमियों, सेल्फ-हेल्प उद्यमियों के लिए भी योजनाएं हैं.
वित्त मंत्री ने कहा कि ये ऐसे तरीके हैं जिनसे हम आम छोटे लोगों तक पहुंच रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बाहर से आने वाली किसी भी अस्थिरता के कारण उन्हें अपने जीवन में बड़े बदलावों का सामना न करना पड़े, राजनीतिक रूप से, आप आलोचना करना चाहते हैं, आपका स्वागत है, कृपया करें. लेकिन अगर आप मुझे वे तथ्य बताना चाहते हैं जिन पर आप अपना तर्क आधारित कर रहे हैं, तो मैं सुनने और उसका जवाब देने के लिए तैयार हूं.
