‘जी संवाद विद रियल हीरोज’ अवॉर्ड 2026 सिर्फ एक इवेंट नहीं, बल्कि उन कहानियों का मंच है जो दिल को छू जाती हैं. यहां चमक-दमक और सेलिब्रिटी चेहरों के बीच ऐसे असली सितारे भी नजर आए, जिनकी उम्र छोटी है, लेकिन जज्बा बहुत बड़ा. मंच पर जब इन बच्चों की कहानियां सामने आईं तो कई आंखें नम हो गईं. किसी ने बर्फीली चोटियों को फतेह किया, किसी ने दिव्यांगता को ताकत बनाया तो किसी ने अनाथ होने के दर्द को जीत में बदला. यही वजह है कि ये बच्चे आज के सच्चे सुपरहीरो कहलाए. उनकी जिंदगी यह बताती है कि हालात चाहे जैसे हों, अगर इरादे मजबूत हों तो हर मुश्किल को हराया जा सकता है.
महज 8 साल में बर्फीली चोटियों की विजेता बनी सानवी सूद
सानवी सूद की कहानी सुनकर हर कोई हैरान रह गया. महज 8 साल की उम्र में उन्होंने रूस की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस फतह कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. पंजाब के रोपड़ की रहने वाली सानवी को पर्वतारोहण की प्रेरणा एक फिल्म देखकर मिली थी. साढ़े छह साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता दीपक सूद से एवरेस्ट जाने की इच्छा जताई. पिता ने बेटी के सपनों को समझा और उन्हें एवरेस्ट बेस कैंप तक ले गए. इसके बाद सानवी ने किलिमंजारो और फिर एल्ब्रुस पर चढ़ाई की. खराब मौसम और माइनस 25 डिग्री तापमान में भी वह वॉकी-टॉकी पर पिता की आवाज से हौसला पाकर आगे बढ़ती रहीं.
दिव्यांगता को ताकत बनाने वाले इनोवेटर अर्णव महर्षि
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के 17 वर्षीय अर्णव महर्षि की कहानी भी किसी प्रेरणा से कम नहीं है. दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और एआई आधारित लकवा पुनर्वास उपकरण विकसित किया. यह डिवाइस और स्मार्ट रिस्ट बैंड लकवा मरीजों की मांसपेशियों की गतिविधि ट्रैक कर थेरेपी में मदद करता है. कम लागत में बने इन उपकरणों से कई मरीजों को नई उम्मीद मिली है. अर्णव ने अपनी निजी तकलीफ को अवसर में बदला और इसी नवाचार के लिए उन्हें विज्ञान और प्रौद्योगिकी श्रेणी में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 मिला. राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित अर्णव आज देश के युवाओं के लिए मिसाल बन चुके हैं.
अनाथ होने के दर्द से राष्ट्रीय खिलाड़ी बनी योगिता मंडावी
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव की योगिता मंडावी की कहानी संघर्ष और जीत की मिसाल है. महज 4 साल की उम्र में माता-पिता को खोने के बाद वह बालिका गृह में पली-बढ़ीं. हालात कठिन थे, लेकिन योगिता ने हार नहीं मानी और जूडो को अपना सहारा बनाया. 14 साल की उम्र में वह राष्ट्रीय स्तर की जूडो खिलाड़ी बन गईं और कई पदक अपने नाम किए. उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया. योगिता की कहानी बताती है कि अगर मेहनत और लगन हो, तो सबसे मुश्किल हालात में भी सफलता पाई जा सकती है.
