Karnataka Congress: कर्नाटक में इन दिनों नेतृत्व को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच खटपट देखने को मिली है. इसको लेकर कांग्रेस MLC यतींद्र सिद्धारमैया का बयान सामने आया है उन्होंने शुक्रवार 6 फरवरी 2026 को कहा कि उन्हें विश्वास है कि कर्नाटक के नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा और उनके पिता सिद्धारमैया के पूरे 5 साल के कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बने रहने की संभावना है. यतींद्र ने कहा कि पार्टी के हाई कमान ने भले ही सार्वजनिक रूप से न कहा हो, लेकिन स्पष्ट संकेत दे दिया है कि नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा. उन्होंने कहा कि मामला सुलझ गया है और पार्टी में किसी ने भी सिद्धारमैया को हटाने की बात नहीं कही है.
‘नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा…’
यतींद्र सिद्धारमैया ने कहा,’ मेरे अनुसार हाई कमान ने भले ही खुलकर यह न कहा हो, लेकिन उन्होंने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा. इसलिए मेरा मानना है कि सिद्धारमैया 5 साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे.’ ‘TOI’ की रिपोर्ट के मुताबिक यतींद्र ने यह भी कहा कि मीडिया में चर्चा के अलावा नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर राजनीतिक हलकों में कोई बात नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि सरकार को आगामी बजट और राज्य की वित्तीय स्थिति समेत अन्य मामलों पर ध्यान देना चाहिए.
ये भी पढ़ें- घाटी पर पहुंचे अमित शाह तो भड़क उठे लश्कर के आतंकी, कश्मीरी पंडितों को दी जान से मारने की धमकी; भेजा चेतावनी भरा संदेश
यतींद्र पर कसा तंज
कांग्रेस MLC यतींद्र सिद्धारमैया की टिप्पणी को लेकर मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में भी देखे जा रहे उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने व्यंग्य कसते हुए कहा,’ यतींद्र हमारे हाई कमान अधिकारी हैं और हमें उनकी बातों को बेहद सम्मानपूर्वक स्वीकार करना चाहिए.’ उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी को इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण देना है तो वह दिल्ली स्थित पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही होगा.
ये भी पढ़ें- ‘ऐसे लोग कांग्रेस को डुबो देंगे…,’ पंजाब सांसद को गद्दार कहने पर पीएम मोदी का राहुल गांधी पर निशाना, बताया सिखों के प्रति नफरत की अभिव्यक्ति
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि कर्नाटक कांग्रेस में नवंबर 2025 को अपना आधा कार्यकाल पूरा करने के बाद नेतृत्व का मुद्दा गरमाया था. साल 2023 में सरकार बनने के समय सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच पावर शेयरिंग की संभावित व्यवस्था को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं. शिवकुमार ने पहले कहा था कि इस मुद्दे पर कांग्रेस हाई कमान के साथ चर्चा हुई थी और एक फैसला लिया गया था, लेकिन इसके समय को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है. बता दें कि पिछले महीने जनवरी 2026 में डीके शिवकुमार के भाई ने कहा था कि राहुल गांधी ने उपमुख्यमंत्री को आश्वासन दिया था कि सही समय पर फैसला लिया जाएगा.
