News in Brief

India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका की ट्रेड डील पर पीएम मोदी ने बधाई दी है. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा पर सहमति बना ली है. मैं दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए उनका धन्यवाद करता हूं.

 

डील से रोजगार की बढ़ेगी संभावनाएं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री के मुताबिक, यह फ्रेमवर्क भारत-अमेरिका साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’ को नई मजबूती देगा और भारतीय किसानों, उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों सहित कई वर्गों के लिए नए अवसर खोलेगा. साथ ही, इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना बनेगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच निवेश और तकनीकी साझेदारी को और गहरा करेगा. इसके अलावा, यह भरोसेमंद और मजबूत सप्लाई चेन को सशक्त करने के साथ-साथ वैश्विक आर्थिक विकास में भी योगदान देगा. पीएम मोदी ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए भारत वैश्विक साझेदारियों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जो लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि को आगे बढ़ाएं.

 हमारे एक्सपोर्टर्स को मिलेंगे ज्यादा मौके: विदेश मंत्री

इस बीच, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ट्वीट किया कि अंतरिम समझौते का फ्रेमवर्क भारत-अमेरिका के बीच आपसी फायदे वाली ट्रेड पार्टनरशिप को साकार करेगा. यह फ्रेमवर्क हमारे एक्सपोर्टर्स के लिए ज्यादा मार्केट एक्सेस और मौके सुनिश्चित करेगा. नए रास्ते खुल गए हैं जो ‘मेक इन इंडिया’ को और बढ़ावा देंगे.