India And Russia Crude Oil News: भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक समझौते पर बात बन गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है. हालांकि, उन्होंने एक दावा किया था कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा. अब इस दावे पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि देश इसके लिए न तो किसी एक सोर्स पर निर्भर है और न ही ऐसा करने का इरादा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का लक्ष्य राष्ट्रीय हितों द्वारा निर्देशित कई ऊर्जा खरीद स्रोतों को बनाए रखना है.
रूस से तेल खरीदने की योजनाओं से जुड़े एक सवाल के जवाब में विदेश सचिव मिसरी ने कहा कि आप जानते हैं कि भारत तेल और गैस क्षेत्र में शुद्ध आयातक है. हम एक विकासशील अर्थव्यवस्था हैं; हमें अपने संसाधनों की उपलब्धता के प्रति सचेत रहना होगा. स्वाभाविक रूप से, जब आप 80-85% तक आयातित संसाधन पर निर्भर होते हैं, तो ऊर्जा लागतों के कारण मुद्रास्फीति की संभावना को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है.
विदेश सचिव ने क्या कहा?
उन्होंने आगे कहा कि यह हैरान करने की बात नहीं है कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता ऊर्जा के मामले में भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है. यह सुनिश्चित करना कि उन्हें उचित मूल्य पर और विश्वसनीय एवं सुरक्षित आपूर्ति के माध्यम से पर्याप्त ऊर्जा मिले. उन्होंने यह भी साफ किया कि ऊर्जा के संबंध में हमारी आयात नीति पूरी तरह से इन्हीं उद्देश्यों से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि हाल के वर्षों में वैश्विक अर्थव्यवस्था को काफी उठा-पटक का सामना करना पड़ा है, जिसका वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर भी काफी गहरा असर पड़ा है. उन्होंने साफ किया कि ऊर्जा के मामले में हम किसी एक स्रोत पर निर्भर नहीं रह सकते और हमारा ऐसा कोई इरादा भी नहीं है. बाजार की वास्तविक परिस्थितियों के आधार पर स्रोतों के मिश्रण में समय-समय पर बदलाव होना आवश्यक है.
यह भी पढ़ें: जब बॉर्डर पर पहुंचाई गई भारतीय फौज, मकसद जानने के लिए आर्मी चीफ ने प्रधानमंत्री से पूछा- क्या आदेश है?
भारत की रणनीति क्या है?
वहीं, ब्रीफिंग के दौरान भारत की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए मिसरी ने कहा कि हमारा दृष्टिकोण आपूर्ति के कई स्रोतों को बनाए रखना और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार उनमें विविधता लाना है। उन्होंने आगे कहा कि मैं कहूंगा कि इस क्षेत्र में हम जितने अधिक विविध होंगे, उतने ही अधिक सुरक्षित होंगे। आगे कहा कि जहां तक ऊर्जा के वास्तविक सोर्सिंग का सवाल है, सभी इसको बारीकी से समझते हैं और देखते हैं कि वास्तविक सोर्सिंग तेल कंपनियों द्वारा की जाती है.
यह भी पढ़ें: हिमंता Vs गोगोई: काग्रेस सांसद की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले असम CM के आरोप, 10 प्वाइंट्स में समझें पूरी कहानी
