10 February Ka Mausam: उत्तर भारत में मौसम का रुख लगातार बदल रहा है. पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम को ठंड का एहसास हो रहा है, लेकिन दिन में तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दिख रही है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है. आईएमडी की ओर से कहा गया कि अगले एक से दो दिन में मौसम एक बार फिर से करवट ले सकता है. विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव पहाड़ी इलाकों में देखने को मिलेगा.
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालयी क्षेत्र में 9 से 10 फरवरी के दौरान बारिश के साथ बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है. वहीं, मैदानी इलाकों में भी तापमान में कमी, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. ऐसे में तापमान में एक बार फिर से गिरावट तय है. IMD ने देश के कई हिस्सों में कल यानी 10 फरवरी को मध्यम से हल्की बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 11 फरवरी तक बारिश की संभावना है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 फरवरी से हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं, इस दौरान कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं. देश के अधिकांश मैदानी इलाकों में घना कोहरा देखने को भी मिल सकता है.
मंगलवार को दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मंगलवार को दिल्ली में मौसम का अलग मिजाज देखने को मिल सकता है. कल अधिकांश जगहों पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. वहीं, रात के दौरान घना कोहरा छाया रह सकता है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हालांकि, 11 और 12 फरवरी को आसमान पूरी तरीके से साफ रहेगा और तापमान में कमी देखने को मिल सकती है.
यूपी में घने कोहरे की संभावना
आईएमडी के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 10 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है. पश्चिमी यूपी के अधिकांश जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है, लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा. उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम के सामान्य रहने की संभावना है. इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकती है.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेशी हिंदुओं के लिए दुनिया भर से आएगी मदद? मोहन भागवत ने बता दिया क्या होगा जब हिंदू ‘लड़ने’ का फैसला करेगा!
बिहार के मौसम का हाल
बिहार में भी अब ठंड का एहसास कम होने लगा है. मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में फिलहाल को खास बड़ी मौसम गतिविधि नहीं देखने को मिलने वाली है. बिहार के कुछ जिलों में मंगलवार को घना कोहरा छाया रह सकता है. दिन में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
पहाड़ों पर बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू कश्मीर, हिमाचर प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. वहीं, निचले इलाकों में बारिश हो सकती है. नए अपडेट के अनुसार, गरज चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं, हिमाचल प्रदेश में 9 से 11 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी का संभावना है. 10 फरवरी को कुछ क्षेत्रों में भारी बर्फबारी देखने को मिल सकती है. न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: जब बॉर्डर पर पहुंचाई गई भारतीय फौज, मकसद जानने के लिए आर्मी चीफ ने प्रधानमंत्री से पूछा- क्या आदेश है?
