News in Brief

Sunetra Pawar: महाराष्ट्र की राजनीति में मंगलवार को भावुक पल देखने को मिला, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की वरिष्ठ नेता सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला. इस दौरान पारिवारिक और राजनीतिक माहौल काफी भावुक हो गया. इस दौरान पिता की कुर्सी पर मां को बैठा देख अजित पवार के बेटे पार्थ पवार भी भावुक हो गए.

कार्यभार संभालने से पहले सुनेत्रा पवार ने प्रभादेवी स्थित श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में दर्शन-पूजन किया. इसके बाद उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर एनसीपी सांसद प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर, पार्थ अजित पवार, सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सदानंद सरवनकर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही सुनेत्रा पवार को राज्य उत्पाद शुल्क, खेल और युवा कल्याण, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ जैसे अहम विभागों का प्रभार सौंपा गया है. इसके अलावा उन्हें एनसीपी विधायक दल का नेता भी चुना गया है.

28 जनवरी विमान हादसे में गई थी अजित पवार की जान  

जानकारी के अनुसार, यह पद 28 जनवरी को पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद से खाली पड़ा हुआ था. अजित पवार का निधन उस समय हुआ जब उन्हें ले जा रहा चार्टर्ड विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक फ्लाइट अटेंडेंट और दो पायलटों की भी मौत हो गई थी.

29 जनवरी को बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था. इस बीच आपको बता दें कि राज्य सरकार में अब योजना और वित्त मंत्रालय का प्रभार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास रहेगा, जो पहले अजित पवार के पास था.

सुनेत्रा पवार को सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों के लिए भी जाना जाता है. वह सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सशक्तिकरण के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रही हैं. राज्यसभा सांसद रहते हुए उन्होंने समावेशी और टिकाऊ विकास से जुड़ी कई पहलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

वर्ष 2010 में उन्होंने पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एनवायरनमेंटल फोरम ऑफ इंडिया’ की स्थापना की थी. इसके जरिए उन्होंने जैव विविधता संरक्षण, लुप्तप्राय प्रजातियों की रक्षा, जल संसाधन प्रबंधन और सूखा राहत जैसे मुद्दों पर जमीनी स्तर पर अभियान चलाए हैं.