News in Brief

एडविना के लिए 1952 बड़ा ही बुरा साल रहा. लॉर्ड लुई अपने कार्यजीवन में लगातार प्रगति करते रहे और अंत में फर्स्ट सी लॉर्ड बनने के अपने स्वप्न के निकट पहुंच ही गए थे. षष्ठ जॉर्ज की मृत्यु हो गई थी और एलिजाबेथ रानी बननेवाली थीं. कुछ दिन बाद गंभीर रक्तस्त्राव के कारण एडविना को तुरंत अस्पताल में भर्ती होकर ऑपरेशन करवाना पड़ा. ऑपरेशन के बाद उन्होंने अपनी वसीयत लिखी जिसमें उन्होंने समुद्र में दफनाए जाने की इच्छा व्यक्त की थी. अपने पति को भी उन्होंने एक असामान्य-सा पत्र लिखा.

स्पष्ट ही उन्हें ऑपरेशन के दौरान मर जाने का भय सता रहा था; या शायद वह इस अवसर का लाभ उठाना चाहती थीं क्योंकि डरनेवाली महिला वह थीं नहीं. दिनोंदिन आकार में बढ़ते जाने वाले एक बैग में सावधानी से रखे गए नेहरू के पत्र सदा उनके साथ रहते थे. उन्हें लगा कि डिकी ही ऐसे व्यक्ति हैं जिनके हाथों में वह अपने ऑपरेशन के दौरान ये पत्र छोड़ सकती हैं. 

‘प्रेमपत्र… हम दोनों के बीच कैसा संबंध’

Add Zee News as a Preferred Source

उन्होंने लिखा, ‘तुम समझ जाओगे कि इन पत्रों में जवाहरलाल की अपनी विशिष्टताओं का मिश्रण झलकता है. इनमें दिलचस्प बातें हैं, तथ्य हैं, और सच तो यह है कि ये ऐतिहासिक दस्तावेज हैं. कुछ पत्रों में तो ‘निजी’ बातें बिल्कुल ही नहीं हैं. कुछ को एक अर्थ में प्रेमपत्र कहा जा सकता है, हालांकि तुम खुद अच्छी तरह से जानते हो कि हम दोनों के बीच कैसा विचित्र संबंध है अधिकतर तो आध्यात्मिक ही. इन पिछले वर्षों में मेरी जिंदगी में जवाहर का बहुत महत्वपूर्ण स्थान रहा है और शायद उनकी जिंदगी में मेरा. हम बहुत कम मिल पाते हैं और वह भी बहुत ही कम समय के लिए, पर मुझे लगता है कि हम शायद एक-दूसरे को इतनी अच्छी तरह समझते हैं जितना किसी भी इंसान के लिए दूसरे को अधिक से अधिक संभव हो सकता है… विशेषकर जब हम-जैसे दो व्यक्ति प्रायः एक-दूसरे से हजारों मील की दूरी पर रहते हों, और दोनों की जीवन-शैलियों और परिस्थितियों में इतना अंतर हो.’

पत्र लेकर यात्रा करती थीं एडविना

एडविना मरीं नहीं. नेहरू के पत्र वहीं पर सुरक्षित रहे जहां उन्होंने अपने पति को बता रखा था और फिर उन पत्रों ने फिर से अपनी स्वामिनी के साथ यात्राएं शुरू कर दीं और चूंकि ऑपरेशन सफल रहा था और एडविना बच गई थीं, इसलिए लार्ड माउंटबेटेन ने उनके पत्र का उत्तर भी नहीं दिया कम-से-कम उस समय नहीं.

एडविना और नेहरू का किस्सा: पहला पार्ट यहां पढ़िए

जिस प्यार का कोई नाम नहीं था, घुमा-फिराकर उसका अप्रत्याशित असर इंग्लैंड में 1952 की फरवरी में दिखाई पड़ा. एक अंतरराष्ट्रीय समाचार बुलेटिन, बुलेटिन ऑफ इंटरनेशनल सर्विसेज ऑफ इन्फॉर्मेशन में उलियस एमॉस नामक किसी व्यक्ति ने एक सनसनीखेज लेख छपवाया. नेहरू के नाम का उसमें उल्लेख नहीं था पर उस घातक प्रभाव का उल्लेख था जिसके तहत लेडी लुई लॉर्ड लुई से, लॉर्ड लुई अपने भानजे ड्यूक ऑफ एडिनबरा से और उसके माध्यम से उसकी पत्नी इंग्लैंड की महारानी से मनचाहे काम करवा लेंगे. उस लेख का शीर्षक था: ‘माउंटबेटेन दंपति को घेरे लाल प्रभामंडल’.

यह पहली बार नहीं था कि उन पर ‘गुलाबी’ होने का आरोप लगाया गया था मगर अब अचानक ही उन्हें गुलाबी से बढ़कर लाल माना जाने लगा था. लॉर्ड लुई की साम्यवादी निष्ठा को लेकर अफवाहें उड़ती ही रहती थीं… 

जब नेहरू के साथ थीं एडविना

1953 के बिल्कुल आरंभ में जब एडविना भारत में नेहरू के साथ थीं, डिकी (एडविना के पति) ने उस विख्यात पत्र का उत्तर देने का फैसला किया जो एडविना ने अपने ऑपरेशन के पहले नेहरू के पत्र उनकी हिफाजत में सौंपते हुए लिखा था. ‘मुझे खुशी है कि तुम इस बात को समझती हो कि मैं जवाहर और तुम्हारे बीच के बहुत ही विशिष्ट संबंधों की प्रकृति को जानता हूं और हमेशा से समझता भी आया हूं. तुम लोगों के लिए यह संबंध और भी आसान हो गया क्योंकि उसे मैं बहुत चाहता हूं और उसका प्रशंसक भी हूं. और, बड़े ही सौभाग्य की बात यह भी है कि मेरी अनेक खामियों में ईश्वर ने ईर्ष्या को नहीं रखा है किसी भी रूप में.

ईर्ष्या की बीमारी हालांकि विश्वव्यापी है पर ईमानदारी से, मुझे नहीं लगता कि यह कभी मुझे छूकर भी गुजरी है. और अगर बात तुम्हारे-जैसे किसी अत्यंत प्रिय व्यक्ति की खुशी से जुड़ी हो, तो मेरे लिए सिर्फ उस खुशी का ही महत्व है, किसी और बात का नहीं. इसीलिए मैं तुम दोनों के एक-दूसरे से मिलने के अवसरों को सुगम बनाता रहा हूं, और … जब कभी तुमने मुझे सीधे विश्वास के लायक नहीं समझा… तो मुझे कुछ चोट भी लगी है.’ नेहरू के प्रथम नाम की वर्तनी उन्होंने फिर से गलत लिखी थी. इसके बाद एडविना डिकी के साथ अधिक शांति से पेश आने लगीं…

जब फिर दिल्ली आईं एडविना

एक बार फिर एडविना का आना उसी समय हुआ जब सोवियत संघ के राष्ट्रपति भी यहां सरकारी दौरे पर आए थे. एक बार फिर उनकी तस्वीर ऐसे वक्त खिंची जब नेहरू सोवियत शासनाध्यक्ष से उनका परिचय करा रहे थे. आखिर जब वह नेहरू के पास ही खड़ी थीं, तो वह परिचय कैसे न कराते ? हमेशा की ही तरह स्कैण्डल उछालनेवाले प्रेस ने इस घटना को बड़ा रखा…. 

नेहरू के होंठ पर थे शक्कर के दाने

डिकी ने बहुत पहले जिसे ‘बड़े ही विशिष्ट रिश्ते’ का नाम दिया था, उसके आखिरी दौर में चीफ ऑफ प्रोटोकोल की पत्नी तारा अली बेग एडविना के साथ एक बाल-चिकित्सा-सहायता कार्यक्रम पर काम कर रही थीं. एक दिन दोनों एक कमरे में फाइलों पर झुकी बैठी थीं कि तारा ने अचानक ही नेहरू को तूफानी तेजी से कमरे में घुसते देखा. तारा को देखकर वह ठिठक गए. उनकी भौहें चढ़ गईं. एडविना तुरंत उठ खड़ी हुईं. उनकी गति का लचीलापन अब तक बरकरार था. उन्होंने जाकर प्यार से नेहरू के होंठ पोंछे जिन पर शक्कर के कुछ रुपहले दाने अभी भी चमक रहे थे और स्नेह से बोलीं, ‘तुम्हारे प्रशंसकों ने फिर मिठाइयां ठूंस दी हैं.’ फिर उन्होंने तारा अली बेग से कुछ देर प्रतीक्षा करने को कहा, ‘मैं एक मिनट इनके साथ ज़रा बगीचे में टहल आती हूं.’

5 फरवरी को सुबह साढ़े पांच बजे, जाड़े की भोर की धुंध उठने के पहले ही उन्होंने नेहरू और भारत से विदा ली. मलेशिया के बाद 18 तारीख को वह बोर्नियो गईं और 19 तारीख को आराम करने के बदले वे जंगल में घूमने चली गईं. उस दिन के औपचारिक भोज के पहले ही वह पस्त होकर ढह गईं. अगले दिन तक वह गंभीर रूप से बीमार पड़ गईं.

अचानक तबीयत बिगड़ी

डॉक्टर ने पूर्ण विश्राम की सलाह दी, पर वे सेंट जॉन्स ब्रिगेड की सेना का मुआयना करने पर अड़ी रहीं. उनका ललाट तप रहा था. उन्हें गवर्नर टर्नर के आवास पर ले जाया गया, जहां वह ठहरी हुई थीं. लोगों ने यह सुझाव भी दिया कि उनके सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह रद्द कर दिया जाए, पर वे मानीं नहीं.

जब वह अपने शयन कक्ष से निकलीं तो आसपास के लोगों ने सीढ़ी से उतरने में उन्हें सहारा देना चाहा पर सबको परे धकेलते हुए, सिर ऊंचा किए उन्होंने अकेले ही उस कक्ष में प्रवेश किया जहां अतिथि उनकी राह देख रहे थे. नौ बजे वह सबसे क्षमा मांगकर अपने कमरे में चली गईं और बेहोश हो गईं. उन्हें अगले दिन सिंगापुर के लिए रवाना होना था. सिंगापुर – जहां वह नेहरू से पहली बार मिली थीं वहां वह पहुंची ही नहीं. अगली सुबह वह अपने बिस्तर में मृत पाई गईं.

स्टाफ ऑफिसर आइरीन चैकली को उनके तकिए पर अब तक खुले पड़े पत्रों का एक ढेर मिला. उसने बड़ी समझदारी से वे पत्र अपने बैग में डाल लिए…

1960 में एडविना माउंटबेटन की मौत हो गई. इच्छा के मुताबिक उन्हें इंग्लैंड में पोर्ट्समाउथ तट पर समंदर में दफना दिया गया.

(कैथरीन क्लैमां की किताब एडविना और नेहरू की किताब से साभार)