Dibrugarh Moran National Highway: भारत अब पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपना पहला हाईवे एयरस्ट्रिप शुरू करने जा रहा है. जहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को असम के डिब्रूगढ़ जिले में बने 4.2 किलोमीटर लंबे इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी पर उतरकर इसका उद्घाटन करेंगे. ये एयरस्ट्रिप डिब्रूगढ़-मोरान नेशनल हाईवे के एक हिस्से पर बनाई गई है.
ये इलाका चीन सीमा के पास यानि कि लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल से कुछ सौ किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है. इस एयरस्ट्रिप के उद्घाटन के मौके पर भारतीय वायुसेना के करीब 16 विमान हिस्सा लेंगे. जिनमें राफेल, सुखोई लड़ाकू विमान और C-17 ग्लोबमास्टर जैसे बड़े विमान शामिल होंगे. इसके अलावा कई फाइटर जेट इस हाईवे पर लैंडिंग और उड़ान भरने का प्रदर्शन भी करेंगे.
आपदा के समय मिलेगी मदद
उद्घाटन से पहले भी सोशल मीडिया पर राफेल और C-17 विमानों की लैंडिंग और टच-एंड-गो अभ्यास के वीडियो सामने आ चुके हैं. अधिकारियों के अनुसार इस सुविधा से राष्ट्रीय सुरक्षा और आपदा के समय मदद मिलेगी. इतना ही नहीं युद्ध या आपात स्थिति में यदि एयरबेस क्षतिग्रस्त हो जाएं, तो ऐसे हाईवे स्ट्रिप्स वैकल्पिक रनवे के रूप में काम करते हैं. ये पूर्वोत्तर भारत का पहला ELF है और चाबुआ एयर फोर्स स्टेशन के करीब स्थित है. इसकी रणनीतिक अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि यह चीन बॉर्डर के नजदीक है.
यहां पर पहले से मौजूद ELF
इसके साथ-साथ भारतीय वायुसेना और सड़क परिवहन मंत्रालय की तरफ से देशभर में 28 से 29 इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी विकसित करने की योजना बनाई गई है. इनमें से लगभग 15 जगहों पर सुविधाएं तैयार और सक्रिय बताई जा रही हैं. देश के अन्य ELF ताज एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, राजस्थान के बाड़मेर में NH-925A और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भी बनाए गए हैं.
चाबुआ पहुंचेंगे पीएम
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि प्रधानमंत्री पहले चाबुआ एयर फोर्स स्टेशन पहुंचेंगे, जिसके बाद वहां से मोरान ELF पर उतरेंगे. वहीं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हाईवे को रनवे में बदलने की ये क्षमता भारत की रणनीतिक मजबूती को दिखाती है.
यह भी पढ़ें: स्पीकर चैंबर में हंगामा? रिजिजू का बड़ा आरोप- 20-25 कांग्रेस सांसदों ने की बदसलूकी, PM को लेकर धमकी का दावा
