News in Brief

Bengaluru Villa Murder: यह घटना बेंगलुरु के टेक कॉरिडोर में स्थित विग्नान नगर के एक आलीशान विला में हुई है. बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसियों ने घर से शोर सुना तो वे वहां पहुंचे. घर के अंदर और बाहर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. बाद में पुलिस को सूचना दी गई और मामला सामने आया.

क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार 33 साल के रोहन भट को अपने माता-पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. उसके पिता नवीन चंद्रा पहले मर्चेंट नेवी में कप्तान रह चुके थे. मां श्यामला पेशे से डेंटिस्ट थीं. दोनों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद दोनों को तुरंत ओल्ड एयरपोर्ट रोड स्थित मणिपाल अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पड़ोस में रहने वाली डॉ. माधवी नायर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोहन को हिरासत में लिया है.

मानसिक हालत को लेकर शक
जांच के दौरान पुलिस को लगा कि रोहन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक वह बार-बार अपने बयान बदल रहा है. कभी वह कहता है कि उसके पिता ने उसे नए प्रोजेक्ट के लिए 4 लाख रुपये देने से मना कर दिया था तो कभी कहता है कि मोबाइल नंबर को फैमिली पैक से अलग करने को लेकर झगड़ा हुआ था.

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें, पुलिस को यह भी पता चला कि रोहन मूड स्विंग से गुजर रहा था. शुरुआती जांच में यह शक जताया गया है कि वह स्किजोफ्रेनिया जैसी गंभीर मानसिक बीमारी से पीड़ित हो सकता है. इसी वजह से उसे पुलिस कस्टडी में देने के बजाय निमहंस भेजा गया है. जिससे डॉक्टर उसकी जांच कर सकें.

परिवार का बैकग्राउंड
नवीन और श्यामला मूल रूप से मंगलुरु के रहने वाले थे. नवीन ने मर्चेंट नेवी में रहते हुए मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों में काम किया था. करीब छह साल पहले वे बेंगलुरु आकर बस गए थे. श्यामला इंदिरानगर के चिन्मय अस्पताल में काम करती थीं और अपने विला में एक छोटा क्लिनिक भी चलाती थीं.

बता दें, रोहन ने अमेरिका से अपनी पढ़ाई पूरी की थी. उसने वहां ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन किया था. वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर है. अलग-अलग कंपनियों में काम कर चुका है. साल 2023 में वह बेंगलुरु लौटा था. उसने अपने माता-पिता को बताया था कि वह फ्रीलांसिंग कर रहा है. हालांकि उसका अपने पिता से अक्सर मतभेद रहता था, लेकिन मां से उसका लगाव बताया जाता है. वह वर्थुर में एक किराए वाले एक बेडरूम के घर में अकेले रहता था.

ओडिशा से लौटे थे माता-पिता
जानकारी के मुताबिक नवीन और श्यामला सोमवार शाम भुवनेश्वर से 10 दिन की यात्रा करके बेंगलुरु लौटे थे. मां ने रोहन को इसकी जानकारी दी थी इसलिए वह उन्हें लेने घर आया था. रोहन का कहना है कि उसने अपने पिता से अपने प्रोजेक्ट के लिए पैसे मांगे लेकिन उन्होंने मना कर दिया था. बुधवार सुबह जब नवीन मॉर्निंग वॉक के लिए तैयार हो रहे थे तब फिर से पैसों को लेकर बहस हुई. रोहन का दावा है कि उसके पिता ने गुस्से में उसे घर छोड़ने को कहा और एयरगन के पिछले हिस्से से मारा. इसके बाद क्या हुआ उसे याद नहीं है. पुलिस के मुताबिक उसने रसोई में रखे चाकू से अपने माता-पिता पर हमला कर दिया.

पड़ोसी ने क्या बताया
पड़ोस में रहने वाली डॉ. माधवी नायर ने बताया कि सुबह करीब 7:40 बजे उन्हें फोन आया कि विला नंबर 112 में इमरजेंसी है. जब वह बाहर आईं तो उन्होंने नवीन को सामने वाले घर के बगीचे में घायल हालत में पाया था. उनके शरीर पर कई जगह चाकू के घाव थे. घर के अंदर श्यामला फर्श पर पड़ी थीं और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थीं. रोहन घर के अंदर था. उसने कहा कि उसके पेट पर चोट लगी है. जब डॉ. माधवी ने श्यामला की जांच की तो उनकी नाड़ी नहीं चल रही थी. डॉ. माधवी ने यह भी बताया कि श्यामला ने पहले उनसे कहा था कि रोहन को मानसिक परेशानी है और वह दवा ले रहा है.

बता दें, फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. हालांकि हालात और सबूत रोहन की तरफ इशारा कर रहे हैं लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह अब भी साफ नहीं है. पुलिस का कहना है कि रोहन की छोटी बहन अमेरिका से आने वाली है उसके आने के बाद उससे भी पूछताछ की जाएगी.

यह भी पढ़ें: कर्नाटक के दरगाह परिसर में महाशिवरात्रि की पूजा पर SC ने सुनवाई से किया इनकार, कहा- HC का फैसला आने दें!