Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में तारिक रहमान की पार्टी की शानदार जीत पर उन्हें बधाई देते हुए फूल और मिठाई भेजी. यह सौगात ढाका के गुलशन स्थित Bangladesh Nationalist Party (BNP) अध्यक्ष के राजनीतिक कार्यालय में पहुंचाई गई.
पार्टी मीडिया सेल के सदस्य अतीकुर रहमान रुमान ने पुष्पगुच्छ और मिठाई स्वीकार की. इस दौरान गुलशन कार्यालय के विशेष अधिकारी मेहेदुल इस्लाम मेहदी भी मौजूद थे. इस कदम को दोनों पड़ोसी क्षेत्रों के बीच राजनीतिक सद्भाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
ममता बनर्जी ने एक्स पर साझा किया बधाई संदेश
इससे पहले ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बधाई संदेश साझा किया था. उन्होंने लिखा कि बांग्लादेश में मेरे सभी भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई. रमजान मुबारक. इस महान विजय के लिए मेरे तारिक भाई, उनकी पार्टी और सभी सहयोगियों को शुभकामनाएं. आप सभी स्वस्थ और खुश रहें. उन्होंने यह भी आशा जताई कि भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंध आगे भी मजबूत बने रहेंगे. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के जरिए तारिक रहमान को बधाई दी और संसदीय चुनाव में बीएनपी की निर्णायक जीत पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश में स्पीकर दिलाता है शपथ लेकिन वो तो जेल में है, अब कौन कराएगा तारिक रहमान की ताजपोशी?
बता दें कि बांग्लादेश में 13वें जातीय संसद चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को संपन्न हुआ था. शुक्रवार को चुनाव आयोग ने 300 में से 297 सीटों के आधिकारिक परिणाम घोषित किए. घोषित सीटों में बीएनपी और उसके सहयोगियों ने 212 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. इसके अलावा Bangladesh Jamaat-e-Islami के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन ने 77 सीटें जीतीं. Islami Andolan Bangladesh को एक सीट मिली, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने सात सीटों पर विजय प्राप्त की. चुनावी नतीजों के बाद बांग्लादेश में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है और जल्द ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की संभावना है.
