News in Brief

DMK Vs BJP-AIADMK: तमिलनाडु में आगामी होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्दनेजर सियासी पारा गर्म होता जा रहा है. एक तरफ सत्‍ताधारी डीएमके और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल की बातचीत से पहले विपक्षी अन्‍नाडीएमके नेता कोवई सत्‍यन ने तंज कसते हुए कहा कि एक सहयोगी के तौर पर डीएमके की नजर में कांग्रेस की कोई अहमियत नहीं है. कांग्रेस ने अपनी प्रतिष्‍ठा खो दी है. कांग्रेस पार्टी की बात सुनने के लिए डीएमके तैयार नहीं है. इनके बीच की दरार सतह पर आ गई है और जमीनी स्‍तर पर भी ये साफतौर पर दिखाई दे रहा है. लिहाजा यदि दोनों दल कोई समझौता कर भी लें लेकिन चुनावों में कोई खास असर नहीं दिखेगा. तमिलनाडु में अन्‍नाडीमके और बीजेपी ने आगामी चुनाव के लिए गठबंधन किया है. 

इस बीच सत्‍तापक्ष की तरफ तमिलनाडु के डिप्‍टी सीएम और डीएमके यूथ विंग के सेक्रेटरी उदयनिधि स्‍टालिन ने रविवार को तंजावुर में बीजेपी पर तगड़ा हमला किया. उन्‍होंने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्‍व में हिंदी थोपने की बीजेपी की राजनीति तमिलनाडु में नहीं चलेगी. आगामी चुनाव सामाजिक न्‍याय बनाम अन्‍याय एवं तमिल भाषा और हिंदी थोपने के बीच है. 

उन्‍होंने कहा कि हमें यह साबित करना होगा कि तमिलनाडु कभी दिल्ली के आगे नहीं झुकेगा. हमारे पास अचीवमेंट्स और हिस्ट्री है. भले ही बिना पॉलिटिकल समझ वाले लोग शिकायत करें, जीत उगते सूरज के निशान की होगी. हमें सभी 200 चुनाव क्षेत्रों में जीतना होगा.”

Add Zee News as a Preferred Source

तमिलनाडु के डिप्टी CM ने कहा, ‘DMK यूथ विंग में पांच लाख लोगों को ऑफिस-बेयरर के तौर पर अपॉइंट किया गया है, और 50 लाख मेंबर बनाए गए हैं. भारत में किसी दूसरी पॉलिटिकल पार्टी या उससे जुड़ी विंग का इतना मज़बूत ऑर्गेनाइज़ेशनल स्ट्रक्चर नहीं है. आज कई पार्टियों को बूथ कमिटी बनाने के लिए भी लोग ढूंढने में मुश्किल हो रही है.’

उन्होंने द्रविड़ मॉडल सरकार की पहल की तारीफ की और दावा किया कि इसकी स्कीमों को पूरे भारत में पहचान मिल रही है. तमिलनाडु में एक बार फिर DMK की सरकार बनेगी.

BJP-AIADMK गठबंधन पर निशाना

BJP-AIADMK गठबंधन पर निशाना साधते हुए उदयनिधि स्टालिन ने कहा, ‘तमिलनाडु विधानसभा चुनाव पास आने के साथ PM मोदी और अमित शाह आते रहेंगे लेकिन तमिलनाडु के लिए जरूरी फंड नहीं आएगा. उन्होंने आगे कहा, ‘मोदी और अमित शाह उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे उत्तरी राज्यों में सफल हो सकते हैं, लेकिन वे तमिलनाडु में कभी सफल नहीं होंगे.’ 

BJP और AIADMK के गठबंधन की आलोचना करते हुए, उन्होंने AIADMK नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी पर निशाना साधा और उनकी लीडरशिप की काबिलियत पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा, “उन नेताओं के बारे में सोचिए जिन्होंने BJP और AIADMK के साथ गठबंधन किया है. किसी ने तो यह भी कहा कि वे पलानीस्वामी के साथ गठबंधन करने के बजाय फांसी लगा लेंगे. पलानीस्वामी में कोई काबिलियत नहीं है, वह पार्षद बनने के भी लायक नहीं हैं. किसी ने उन्हें ‘टायर-लिकर’ कहा.” 

उन्होंने आगे PM मोदी की ‘डबल-इंजन सरकार’ की आलोचना करते हुए कहा, ‘फिर भी इस स्थिति में प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि तमिलनाडु को डबल-इंजन सरकार की जरूरत है.. प्रधानमंत्री मोदी, अपने गठबंधन की गाड़ी को देखिए –इसमें हर कोई पंक्चर टायर है. आपके पंक्चर टायर और आपका खराब इंजन तमिलनाडु में कभी नहीं चलेगा.’