
CM Mamata Banerjee: देश के पांच राज्यों में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. इससे पहले कांग्रेस अपने ही नेताओं के बयानों से घिरती नजर आ रही है. कांग्रेस के दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर के केरल को लेकर दिए गए बयान से गरमाई राजनीति अभी शांत भी नहीं हुई कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के सलाहकार रहे संजय बारू ने ऐसा बयान दिया है, जिसने सभी को चौंका दिया है. संजय बारू ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और टीएमसी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता बनर्जी की खुलकर तारीफ की है.
दरअसल, संजय बारू का ये बयान कई मायनों में खास है और ऐसे समय पर आया है, जब बंगाल में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. कांग्रेस बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने जा रही है. संजय बारू ने सीएम ममता को सेल्फ मेड लीडर करार दिया है और इंडिया गठबंधन का नेतृत्व सौंपने की बात कही है. माना जा रहा है कि बारू का ये बयान कांग्रेस को मुश्किलों में खड़ा कर सकता है.
‘देश में दूसरी महिला पीएम का वक्त आ गया है’
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के पूर्व मीडिया सलाहकार संजय बारू ने एक लेख में कहा कि देश के लिए दूसरी महिला पीएम का समय आ गया है. द टेलीग्राफ में छपे एक लेख में उन्होंने कहा कि वैसे भी काफी लमय से हमारे देश में कई महिला पीएम नहीं बनी है. राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीति में पुरुषों के अत्यधिक वर्चस्व को देखते हुए, अब समय आ गया कि देश को दूसरी महिला पीएम मिले और इस पद के लिए सीएम ममता बनर्जी से बेहतर कोई नहीं हो सकता है.
सीएम ममता की जमकर तारीफ
संजय बारू ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी अन्य सभी नेताओं से काफी अलग हैं. बारू ने कहा कि वर्तमान में किसी राजनीतिक दल और सरकार दोनों का नेतृत्व करने वाली एकमात्र महिला होने के नाते, सीएम ममता राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के मौजूदा पीढ़ी के सभी नेताओं से बहुत अलग हैं. बारू ने सीएम ममता को आत्मनिर्भर, पहली पीढ़ी का नेता करार दिया है, जो जमीन से जुड़ी हुई हैं. बारू ने कहा कि वह तीन भाषाओं में संवाद कर सकती हैं, जो उनके अनुसार अधिकांश उत्तर भारतीय राजनेताओं के बारे में नहीं किया जा सकता है.
‘इंडी गठबंधन का अध्यक्ष बनाना चाहिए’
लोकसभा चुनाव से पहले गठित इंडिया ब्लॉक का जिक्र करते हुए बारू ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी को इस ब्लॉक का अध्यक्ष बनाना चाहिए. इस लेख में उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी- मनमोहन सिंह मॉडल को राहुल गांधी- मल्लिकार्जुन खरगे के साथ दोहराने से कोई फायदा नहीं हुआ है. बारू ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में बनर्जी की हालिया उपस्थिति ने उस आत्मविश्वास को रेखांकित किया जो उनके व्यक्तित्व की पहचान है.
टीएमसी ने क्या कहा?
पूर्व पीएम के मीडिया सलाहकार संजय बारू के इस लेख पर टीएमसी के राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह ऐसा विचार है, जिसका समय आ चुका है.
यह भी पढ़ें: ‘तुम्हें कब्र के लिए जगह नहीं मिलेगी…’, बाबरी मस्जिद बना रहे हुमायूं कबीर को BJP नेता की खुली चेतावनी; VIDEO

