Mukhtar Ansari Family Clash: अनियंत्रित आकांक्षा माफिया सरगना मुख्तार अंसारी के परिवार पर भारी पड़ रही है. जिस मुख्तार के खौफ के सामने कोई आवाज नहीं उठती थी. जो मुख्तार पूर्वांचल में दूसरों के झगड़े सुलझाया करता था. उसी मुख्तार के घर का झगड़ा आज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना है. यानी मुख्तार के परिवार में ही बगावत छिड़ गई है.
झगड़े का सार्वजनिक ऐलान
सोशल मीडिया पोस्ट मुख्तार के घर में हो रहे झगड़े का सार्वजनिक ऐलान करती है. ये पोस्ट लिखी है मोहम्मदाबाद से विधायक शोएब मन्नू अंसारी के बड़े भाई सलमान अंसारी ने. पोस्ट में सलमान अंसारी ने लिखा है कि मोहम्मदाबाद विधानसभा में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है. करोड़ों की धांधली हुई है. 2022 में मैंने शोएब के लिए वोट मांगा था लेकिन अब लोगों के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहा हूं. शोएब ने एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है.
क्यों परिवार में चल रहा मनभेद?
सलमान अंसारी मुख्तार से सबसे बड़े भाई शिबगतुल्लाह अंसारी के बड़े बेटे हैं. उनके छोटे भाई शोएब अंसारी मोहम्मदाबाद सीट से विधायक हैं. यानी अंसारी खानदान के एक चिराग ने दूसरे के लिए खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. ये वही परिवार है जो मुख्तार की मौत के बाद भी एकजुट दिखता रहा. ये वही परिवार है जो प्रशासनिक और कानूनी एक्शन के बाद भी एकजुटता का प्रदर्शन करता रहा. फिर अब ये मनभेद और विवाद क्यों हो रहा है.
पारिवारिक विवाद के पीछे का कारण
अंसारी परिवार में बगावत के पीछे महत्वकांक्षा है. मुख्तार का बेटा विधायक है. सलमान का छोटा भाई भी विधायक है. अफजाल अंसारी सांसद हैं. अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में सलमान अंसारी की राजनीतिक ख्वाहिश भी आसमान छू रही है. मोहम्मदाबाद सीट अंसारी परिवार के लिए सेफ सीट मानी जाती है. सलमान इसी सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं. इसलिए उन्होंने अपने भाई के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है.
दूसरे सदस्य ने कोई टिप्पणी नहीं की
फिलहाल इस विवाद पर अफजाल अंसारी या अंसारी परिवार के किसी दूसरे सदस्य ने कोई टिप्पणी नहीं की है. चंद साल पहले पूर्वांचल में कहा जाता था कि फाटक यानी मुख्तार के दरवाजे पर सबका झगड़ा सुलझता है. आज उसी परिवार का झगड़ा सोशल मीडिया पर आ गया है.
