
तमिलनाडु में अगले कुछ महीनों के भीतर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. वहां पर एक तरफ सीएम स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके-कांग्रेस का गठबंधन है वहीं दूसरी तरफ विपक्ष में अन्नाडीएमके और बीजेपी का गठबंधन है. बीजेपी ने कहा है कि वह अन्नाडीएमके नेता पलानीस्वामी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी.
इस बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में कैप्टन विजयकांत की पार्टी डीएमडीके ने आगामी चुनावों में स्टालिन की पार्टी डीएमके के साथ गठबंधन का ऐलान कर दिया है. हालांकि 2011 से अभी तक डीएमडीके विपक्षी अन्नाडीएमके के साथ थी. डीएमडीके की कमान इस वक्त कैप्टन विजयकांत की पत्नी प्रेमलता के हाथों में हैं. 2023 में कैप्टन विजयकांत का निधन हो गया.
प्रेमलता विजयकांत ने गुरुवार को सीएम स्टालिन से मुलाकात के बाद कहा हम लोगों ने शासन के स्तर द्रविड़ मॉडल को अपनाते हुए तमिलनाडु के विकास के लिए ये गठबंधन किया है. सीट शेयरिंग की बाद बात में की जाएगी लेकिन हम लोग इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि 234 में से हमारा गठबंधन 200 सीटें जीतेगा.
किसे होगा फायदा
माना जा रहा है कि इस गठबंधन से स्टालिन को फायदा होगा और अन्नाडीएमके को झटका लगेगा. डीएमडीके का तमिलनाडु के सेंट्रल जिलों जैसे तिरुचिरापल्ली और उसके आसपास के जिलों पुडुकोट्टई में अच्छा प्रभाव है. 2011 के चुनाव में पार्टी को 7.6 प्रतिशत वोट मिले थे और 29 सीटों पर कामयाबी मिली थी. हालांकि उसके बाद के दो चुनावों में पार्टी का खाता भी नहीं खुला.

