News in Brief

नाम में कन्फ्यूजन न रहे इसलिए सबसे पहले जान लीजिए कि भारत ने बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी और कुछ घंटे से बागलकोट ट्रेंड्स में है. हां, कर्नाटक के बागलकोट में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर जुलूस निकाला जा रहा था. रास्ते में एक मस्जिद के सामने अचानक माहौल बिगड़ गया और पत्थर के साथ-साथ चप्पलें भी फेंकी गई. तनाव बढ़ा और ठेले में आग लगा दी गई. एसपी सिद्धार्थ गोयल के सिर में भी चोट आई. पुलिस को उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज भी करना पड़ा. तीन तस्वीरों में पूरी कहानी समझिए. पहले एक बार पूरा वीडियो देखिए. 

पहली तस्वीर: भगवा पताका और युवाओं का डांस

20 सेकेंड के वायरल वीडियो के पहले 7 सेकेंड पर गौर कीजिए. सड़क पर युवाओं की भीड़ झूमती दिखाई देती है. शिवाजी की तस्वीर वाली भगवा पताका लहराई जा रही होती है. कैमरा मस्जिद की ओर घूमता है तो थोड़ी ऊंचाई पर कुछ लोग जमा दिखाई देते हैं. 

दूसरी तस्वीर: पुलिसकर्मी ने रोकने की कोशिश की

हां, मस्जिद के पास पुलिकर्मियों की भारी भीड़ थी. एक पुलिसकर्मी को कुछ गड़बड़ लगता है तो वह झट से मस्जिद परिसर में उस ऊंचाई वाली जगह पर चढ़कर पहुंच जाते हैं. कुछ अन्य लोग शायद वहां लोगों को रीएक्ट करने से रोकते हैं. समझाते हैं. वहां खड़े लोगों को पीछे किया जाता है. कैमरा जूम आउट होता है तो समझ में आता है कि सड़क पर भी डांस कर रहे युवाओं को कुछ लोग आगे बढ़ने के लिए कह रहे होते हैं. पुलिस का भारी बंदोबस्त था लेकिन तभी एक हरकत होती है. 

तीसरी तस्वीर: चप्पल उछाला गया 

इधर गाना सुनाई देता है- बनाएंगे मंदिर… तभी परिसर से जूता उछाल दिया गया. आरोप लगाया गया कि मस्जिद से चप्पल फेंके गए. पत्थर भी फेंके गए जिससे माहौल बिगड़ गया. आगजनी की घटनाएं भी हुई हैं. बागलकोट के पुराने शहर में जुलूस के दौरान पनका मस्जिद के पास यह घटना हुई है. एसपी सिद्धार्थ गोयल को भी पत्थरबाजी में चोट लगी है. फिलहाल हालात काबू में हैं. 

अब सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक कैसा पैटर्न बनाया जा रहा है. कौन इस तरह से पत्थर इकट्ठा करने के लिए कह रहा है. क्या पत्थर मारना शांतिपूर्ण विरोध है? 

दरअसल, पिछले कुछ घंटों में यह इकलौती घटना नहीं है. जबलपुर के सीहोरा में मंदिर पर पत्थरबाजी का वीडियो सामने आया है. सिहोरा के आजाद चौक पर रोड के एक तरफ मंदिर है तो दूसरी तरफ मस्जिद है. 19 फरवरी की रात 9:30 बजे के करीब मंदिर में आरती चल रही थी तभी आरती से एतराज किया गया और विवाद बढ़ा तो पथराव शुरू हो गया. पथराव में संजय नाम का युवक घायल हुआ है. यहां आधा दर्जन थानों की पुलिस तैनात की गई है. कई लोगों को हिरासत में लिया गया है.