News in Brief

Maharashtra Budget Session 2026: महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र से पहले राज्य की राजनीति शोक और बदलाव के दौर से गुजर रही है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू होगा और इस बार वे स्वयं राज्य का बजट पेश करेंगे. मुंबई में पत्रकारों से बातचीत करते हुए फडणवीस ने कहा कि दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बजट पेश करने की पूरी तैयारी कर ली थी. उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र कल से शुरू हो रहा है. मैं बजट पेश करूंगा. अजित पवार ने इसकी पूरी नींव रखी थी. यह सुनेत्रा पवार के लिए नया अनुभव होगा, लेकिन मुझे विश्वास है कि वह अजित दादा की तरह ही पूरी निष्ठा से अपनी भूमिका निभाएंगी.

बता दें कि अजित पवार राज्य के वित्त मामलों के अनुभवी नेता माने जाते थे. वे अब तक 11 बार राज्य का बजट पेश कर चुके थे और 12वें बजट की तैयारी में जुटे थे. हालांकि 28 जनवरी 2026 को एक विमान दुर्घटना में उनका निधन हो गया, जिससे राज्य की राजनीति को गहरा झटका लगा.

विमान हादसे की होगी CBI जांच: सीएम फडणवीस 

Add Zee News as a Preferred Source

मुख्यमंत्री ने विमान हादसे को लेकर कहा कि मामले की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा की जा रही है और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से भी जांच कराई जाएगी. फडणवीस ने कहा कि हम सब शोक में हैं. लोगों के मन में उठ रहे जायज संदेहों के जवाब मिलना जरूरी है. मेरे समेत देश के कई राजनेता वीएसआर कंपनी के विमान में सफर कर चुके हैं. सभी पहलुओं की गहन जांच होनी चाहिए.

बताया जा रहा है कि 28 जनवरी को वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित एक लियरजेट 45XR विमान भारी कोहरे के बीच बारामती हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास कर रहा था तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में विमान में सवार सभी 5 लोगों की मृत्यु हो गई, जिनमें अजित पवार भी शामिल थे. वे अपने गृह नगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.

fallback

हादसे के बाद 31 जनवरी को अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उन्होंने अपने पति के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई. बजट सत्र की पूर्व संध्या पर उन्होंने कहा कि अजित पवार ने 11 बार बजट पेश किया और 12वीं बार पेश करने वाले थे, लेकिन वे अचानक हमें छोड़कर चले गए. मैं उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगी.

ये भी पढ़ें: हर धर्म का अलग देश तो हिंदू राष्ट्र क्यों नहीं? वंदे मातरम का विरोध करने वालों को अन्नु कपूर ने सुनाई खरी-खरी
 
महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री फडणवीस ने मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में दिव्यांग कल्याण विभाग के ‘दिव्यांग सहायक पोर्टल’ का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार, मंत्री अतुल सावे और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

इसके अलावा, मुख्यमंत्री की उपस्थिति में जल संसाधन विभाग के अंतर्गत कृष्णा और गोदावरी बेसिन विकास निगमों के वर्ष 2025 के कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट भी जारी की गई. बजट सत्र 2026 की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री फडणवीस ‘चाहपान’ कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने आगामी सत्र को लेकर अनौपचारिक चर्चा की.