मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर बड़ा ऐलान कर दिया. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को बताया कि वह अपनी गायक के रूप में यात्रा को विराम दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि अब वे आगे कोई भी नया असाइनमेंट नहीं लेंगे. अरिजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, ”नमस्ते, आप सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं. पिछले इतने सालों से आप सभी श्रोताओं ने मुझे जो प्यार दिया है, उसके लिए मैं दिल से आप सभी का आभारी हूं. आज यह बताना चाहता हूं कि अब से मैं एक प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया काम नहीं करूंगा. मैं इस सफर को विराम दे रहा हूं. यह मेरी जिंदगी की एक बेहद खूबसूरत और यादगार यात्रा रही है. आप सभी का आभार.”
अरिजीत की पोस्ट देख फैंस दुखी
अरिजीत की पोस्ट देख फैंस अपना दुख जाहिर कर रहे हैं. मशहूर गायक अमाल मलिक ने भी कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, “यह सुनकर मैं बिल्कुल खो सा गया हूं. समझ तो नहीं पा रहा, लेकिन आपके फैसले का सम्मान करता हूं. बस इतना जान लीजिए कि मैं पहले भी, आज भी और हमेशा आपका फैन रहूंगा. अगर वाकई यहीं तक बात है, तो यकीन मानिए आपके बिना फिल्मी संगीत कभी पहले जैसा नहीं रहेगा, मेरे दोस्त. आपके दौर में जन्म लेने के लिए खुद को खुशकिस्मत मानता हूं.”
अरिजीत सिंह ने क्यों लिया संन्यास?
ऐसे में अरिजीत सिंह का यह फैसला भी काफी अहम माना जा रहा है. उन्होंने अपने पोस्ट में साफ किया है कि वे संगीत से दूर नहीं जा रहे हैं, बल्कि अब फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगिंग के रूप में नए प्रोजेक्ट्स नहीं लेंगे. हालांकि, अरिजीत सिंह ने अपने बयान में कोई स्पष्ट ‘चौंकाने वाली’ वजह नहीं बताई. लेकिन फिर भी फैंस इन वजहों पर कयास लगा रहे हैं.
1. पर्सनल ग्रोथ और नई राह- सिंगर अरिजीत सिंह ने अपने पोस्ट में साफ लिखा है कि वे अब एक ‘छोटे कलाकार’ के रूप में ज्यादा सीखना और खुद पर फोकस करना चाहते हैं. वे स्वतंत्र संगीत, कंपोजिंग, प्रोडक्शन या अपनी शैली में प्रयोग करना चाहते हैं.
2. लंबे सफर के बाद ब्रेक: बता दें कि बीते 15 सालों में अरिजीत ने अनगिनत हिट गाने दिए – ‘तुम ही हो’, ‘केसरिया’, ‘बिन ते दिल’, ‘चन्ना मेरेया’ जैसे गीतों ने उन्हें स्टार बनाया. अब वे फिल्मों के प्लेबैक से हटकर अपनी क्रिएटिविटी को आजाद करना चाहते हैं.
3. यह फैसला अचानक नहीं है – अरिजीत हमेशा से कम प्रचार वाले और पर्सनल स्पेस पसंद करने वाले रहे हैं. वे पहले भी इंडस्ट्री की व्यस्तता से दूर रहते हैं.
सलमान खान के लिए गाया आखिरी गाना?
इस वक्त रिलीज गाने की बात करें तो अरिजीत सिंह ने आखिरी गाना सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ के लिए गाया, जो कि ‘मातृभूमि’ है. बैटल ऑफ गलवान का ये पहला गाना ऑडियंस को काफी पसंद आया, जिसे अरिजीत सिंह, श्रेया घोषाल और मणि धर्मकोट ने मिलकर गाया है. साथ ही, इस गाने को हिमेश रेशमिया ने म्यूजिक दिया है. हालांकि, ये अरिजीत सिंह का आखिरी गाना नहीं है.
ये स्टार्स भी ले चुके हैं करियर से ब्रेक
हाल में स्टैंडअप कमीडियन जाकिर खान ने भी सेहत के चलते स्टेज शो से लंबे ब्रेक का ऐलान किया. उनसे पहले भी कई सेलेब्स ने करियर की पीक पर होते हुए भी सेहत को प्राथमिकता दी और काम से दूरी बनाई. उन्होंने कहा कि यह फैसला उन्होंने अपनी हेल्थ और निजी कारणों की वजह से लिया है. जाकिर से पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस नरगिस फाखरी ने भी ऐसा ही कदम उठाया था. नरगिस ने बाद में इस पर खुलकर बात की और एक इंटरव्यू में बताया कि वह मानसिक रूप से ठीक महसूस नहीं कर रही थीं. इसके बाद उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक लेने का फैसला किया और न्यूयॉर्क जाकर अपने परिवार के साथ वक्त बिताया.
वहीं, साउथ फिल्म इंडस्ट्री की सुपरस्टार सामंथा रुथ प्रभु को मायोसाइटिस जैसी गंभीर बीमारी का सामना करने की वजह से शूटिंग छोड़नी पड़ी और इलाज के लिए अमेरिका जाना पड़ा. साथ ही टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस सना मकबूल ने भी सेहत को पहले रखते हुए एक्टिंग से ब्रेक लिया था.
