

Bihar News: बिहार में अजीबोगरीब मामला सामने आया है. विधानसभा के स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने दावा किया कि वह एक दिन में कोविड पॉजिटिव से निगेटिव हो गए. सिन्हा ने रविवार को ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया था कि वह कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं और जो भी उनके संपर्क में आए हैं, वे कोरोना जांच करा लें और प्रोटोकॉल्स का पालन करें. इसके बाद उन्होंने लिखा कि वे सेल्फ आइसोलेशन में जा रहे हैं.
लेकिन सोमवार को उन्होंने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट में लिखा, ‘भगवान की कृपा से मैं कोविड निगेटिव हो गया हूं. मैं कर्म पथ पर लौट रहा हूं. कोरोना से न डरें. अलर्ट रहें ताकि हम कोरोना को हरा सकें और समाज को स्वस्थ बना सकें.’ लेकिन एक दिन में सिन्हा का कोविड पॉजिटिव होकर निगेटिव हो जाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. खासकर तब जब उनकी पार्टी बीजेपी से मंगल पांडे स्वास्थ्य मंत्री हैं.
तबियत अस्वस्थ होने पर मैंने अपनी कोरोना जाँच करायी थी जिसकी रिपोर्ट पोजिटिव आने पर मैं कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर रहा हूँ।मेरे संपर्क में आये लोगों से अपील है कि वह भी अपनी जाँच करा लें। कोरोना से डरना नहीं बल्कि सजग और सतर्क रहकर कोरोना को हराना है और समाज को स्वस्थ बनाना है।
— Vijay Kumar Sinha (@VijayKrSinhaBih) August 7, 2022
ईश्वर की असीम कृपा और आप सभी के स्नेहाशीष से आज मेरी कोरोना जाँच रिपोर्ट निगेटिव आयी है जिससे मैं पुनः अपने कर्म पथ पर लौट रहा हूँ।कोरोना से डरना नहीं बल्कि सजग और सतर्क रहकर इसे हराना है और समाज को स्वस्थ बनाना है।
— Vijay Kumar Sinha (@VijayKrSinhaBih) August 8, 2022
वहीं बिहार में सियासी अटकलों का दौर तेज है. अगर सीएम नीतीश कुमार एनडीए से नाता तोड़कर महागठबंधन की मदद से सरकार बनाते हैं तो सिन्हा जानते हैं कि उनका रोल कितना अहम होगा. मुमकिन है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा न दें लेकिन तब भी उन्हें सदन में बहुमत साबित करना होगा. उस मामले में बीजेपी स्पीकर की मदद से खेल को अपने पाले में ला सकती है. अगर उस वक्त सिन्हा नहीं होंगे तो जेडीयू के महेश्वर हजारी कार्यवाही का संचालन करेंगे और नीतीश को बहुमत साबित करने में कोई मुश्किल नहीं होगी.
बता दें आज जनता दल (यूनाइटेड) और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने पहले ही अपने विधायकों को पटना पहुंचने के लिए कहा है. आरजेडी के विधायकों की मंगलवार को सुबह नौ बजे बैठक होगी और उसी दिन सुबह 11 बजे जेडीयू के विधायकों की बैठक होगी. बिहार में राजनीतिक बदलाव की अटकलों के बीच बीजेपी की राज्य इकाई की ओर से कोई प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है. देर शाम पार्टी नेताओं ने उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के आवास पर बंद कमरों में हालांकि मुलाकात की, पर क्या नतीजे रहे इस पर कोई भी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं दिखा.
ये ख़बर आपने पढ़ी देश की नंबर 1 हिंदी वेबसाइट Zeenews.com/Hindi पर

