News in Brief

Kerala Assembly Elections 2026: अगले कुछ महीने में देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने को हैं. इन चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी तैयारियों के लिए लगातार बैठकें कर रही हैं. इस बीच खबर है कि केरल के कई कांग्रेस सांसद राज्य चुनाव लड़ने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. माना जा रहा है कि भले 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने को हैं, लेकिन कांग्रेस का ध्यान दो राज्यों पर केंद्रित है, जिसमें  केरल और असम शामिल है. दरअसल, कांग्रेस का मानना है कि दोनों दोनों राज्यों में किसी गठबंधन के बिना चुनाव लड़ेगी. 

चूंकि इस समय कांग्रेस सांसद और असम स्क्रीनिंग कमेटी की प्रमुख प्रियंका गांधी वाड्रा इस समय गुवाहाटी में हैं. दावा किया जा रहा है कि वह संभावित उम्मीदवारों से मुलाकात कर रही हैं. मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाली केरल स्क्रीनिंग कमेटी दिल्ली में संभावित उम्मीदवारों से मिल रही है. जानकारी हो कि बीजेपी हमेशा अपने सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित करती रहती है. अब कांग्रेस नेता भी इसी राह पर चलने की प्लानिंग करते नजर आ रहे हैं. 

केरल में भी बैठकों का दौर जारी 

सूत्रों ने माना कि कांग्रेस की केरल समिति की अब तक कुल तीन बैठकें हो चुकी हैं. इन सभी बैठकों में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई. केरल से यूडीएफ के 20 सांसदों में से 18 सांसद हैं, जिनमें से 14 कांग्रेस के हैं, जिनमें प्रियंका गांधी भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि इन स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकों में पाया गया कि कई ऐसे कांग्रेस के सांसद हैं, जो इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव भी लड़ना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने पार्टी से अनुमति मांगी है. 

Add Zee News as a Preferred Source

आठ बार के सांसद भी लड़ना चाहते हैं विधानसभा चुनाव  

उल्लेखनीय है कि केरल के आठ बार कांग्रेस सांसद रह चुके और लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक के सुरेश भी चुनाव लड़ना चाहते हैं. उनको उम्मीद थी कि अगर लोकसभा के उपसभापति पद के लिए कोई प्रस्ताव आता है, तो आठ बार सांसद रह चुके के रूप में उनकी उम्मीदवारी मजबूत दावेदार साबित होगी. परंपरागत रूप से लोकसभा में उपसभापति का पद विपक्ष को मिलता है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है. कई सांसदों का मानना है कि इस बार केरल में कांग्रेस बना सकती है और ऐसे में ये सांसद विधानसभा चुनाव लड़ते हैं, तो स्वतः ही मंत्री पद के दावेदार बन जाएंगे. 

क्या शशि थरूर भी लड़ेंगे विधानसभा चुनाव? 

केरल से कांग्रेस सांसदों में एक बड़ा नाम केसी वेणुगोपाल का है. वह कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन मंत्री और राहुल गांधी के करीबी सहयोगी हैं.  हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वह केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने का इरादा रखते हैं या नहीं. दावा किया जा रहा है कि अगर अगर वेणुगोपाल मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल होते हैं, तो वह सीएम पद के प्रबल दावेदार होंगे. ठीक यही बात शशि थरूर पर भी लागू होती है. वैसे पार्टी जो भी फैसला लेगी वह कांग्रेस नेतृत्व के बयान पर निर्भर करेगा. 

बीजेपी वाला फार्मूला अपनाने की तैयारी में कांग्रेस? 

गौरतलब है कि बीजेपी हमेशा अपने सांसदों को विधानसभा चुनाव लडने के लिए प्रेरित करती रहती है. इसके पीछे पार्टी की ओर से तर्क दिया जाता है कि इससे चुनाव के दौरान माहौल काफी अच्छा बना रहता है. बता दें कि कांग्रेस सांसद के सुरेश ने पत्रकारों से कहा कि विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सांसदों के संबंध में कांग्रेस हाई कमान जो भी फैसला करेगा, उसे राज्य चुनावों में चुनाव लड़ने के इच्छुक सभी सांसद स्वीकार करेंगे.