News in Brief

Humayun Kabir West Bengal Assembly Election 2026: राजनीति में अपने तीखे तेवरों के लिए चर्चित ममता बनर्जी पिछले 15 साल से लगातार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर कब्जा जमाए हुए हैं. बीजेपी और कांग्रेस-वाम दलों का गठबंधन उन्हें हटाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा चुका है लेकिन अब तक कामयाबी से दूर रहा है. हालांकि इस बार हालात उल्टे हुए हैं और टीएमसी को पहली बार अपनी हार का डर सता रहा है. इसकी एक बड़ी वजह बने हुए हैं हुमायूं कबीर, जो कभी टीएमसी के ही कद्दावर नेता हुआ करते थे. वे अब पार्टी से अलग होकर अपनी जनता उन्नयन पार्टी (JUP) बना चुके हैं. साथ ही मुर्शिदाबाद में नई बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरू करवाकर लगातार मुस्लिम वोटों को एकजुट करने में जुटे हैं.

कबीर ने भविष्यवाणी करते हुए कि आने वाले चुनावों के बाद बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने वाला है. सबसे ज्यादा सीटें JUP जीतेगी. बीजेपी दूसरे नंबर पर आ सकती है और टीएमसी तीसरे नंबर पर खिसक जाएगी. 

‘बंगाल चुनाव के नतीजों में मेरी पार्टी बनेगी किंगमेकर’

Add Zee News as a Preferred Source

अपनी पार्टी बनाने के बाद हुमायूं कबीर ने आने वाले असेंबली चुनाव के नतीजों की भविष्यवाणी की है. साथ ही खुलकर अपनी चाहत भी बताई है. हुमायूं ने कहा, ‘आने वाले चुनावों के बाद बंगाल में शायद त्रिशंकु विधानसभा बनेगी. ऐसी स्थिति में मेरी पार्टी JUP किंगमेकर बनेगी. फिर मैं तय करूंगा कि राज्य में बीजेपी या टीएमसी में किसकी सरकार बनेगी.’ 

हुमायूं ने आगे कहा, ‘अगर सरकार बनाने के लिए बीजेपी मेरा समर्थन करती है तो उसके लिए मेरे दरवाजे खुले है. लेकिन इसके लिए मैं अपनी ओर से पहल नहीं करूंगा. वहीं अगर बीजेपी अपनी सरकार बनाने के लिए मेरा समर्थन मांगती है तो मैं बाहर रहकर उसका सपोर्ट करूंगा लेकिन उसमें शामिल नहीं होऊंगा.’ 

मेरा मेन मकसद टीएमसी को सत्ता से हटाना- हुमायूं कबीर

कबीर ने कहा कि उनका मेन मकसद टीएमसी को सत्ता से हटाना है. फिर भले ही इसके लिए उन्हें बीजेपी के साथ गठबंधन की जरूरत ही क्यों न पड़ जाए. उन्होंने इसके साथ ही संकेतों में जोड़ा कि अगर परिस्थितियां कुछ ऐसी बनती हैं कि अपनी पार्टी की सरकार बनाने के लिए टीएमसी से समर्थन लेना पड़े तो इससे भी इनकार नहीं है. 

Explainer:’ममता’ मिली न वाम टिके, अब अकेले मैदान में उतरेगी कांग्रेस; बड़ा सवाल- बंगाल में फायदा होगा या फजीहत?

AIMIM के साथ अपने गठबंधन की चर्चाओं पर बात करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि इस संबंध में बात चल रही है.  रमजान के बाद वे असदुद्दीन ओवैसी से मिलने की योजना बना रहे हैं. हुमायूं ने खुलासा करते हुए बताया, ‘उन्होंने 15 सीटें मांगीं हैं. मैं सोच रहा हूं कि अगर मैं 10 या 12 सीटें दे दूं तो वे सहमत हो सकते हैं.’

‘अपनी जमीन पर मस्जिद बनाना मेरा संवैधानिक हक’

वहीं मुर्शिदाबाद में नई बाबरी मस्जिद के निर्माण को हुमायूं ने अपना हक बताया. उन्होंने कहा कि अपनी जमीन पर मस्जिद बनाने का अधिकार उन्हें संविधान देता है. ऐसा करने से कोई भी ताकत उन्हें नहीं रोक सकती. वहीं बीजेपी ने हुमायूं की इस पहल की कड़ी निंदा की है. पार्टी का आरोप है कि ऐसा करके हुमायूं समाज में धर्मांधता और द्वेष पैदा कर रहे हैं. जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए. लेकिन इन सबसे बेपरवाह हुमायूं कबीर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में जुटे हैं.