BMC Wards Counting Delay: मुंबई की सबसे बड़ी और सबसे अमीर नगर पालिका के चुनावी नतीजे आज सामने आने वाले हैं. वोटों की गिनती को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी भी कर ली है. हालांकि इस बार मतगणना का तरीका बदला गया है, तो रिजल्ट के आने में थोड़ा ज्यादा वक्त लग सकता है. बीएमसी के 227 वार्डों के लिए हुए मतदान के बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे से 23 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू की जाएगी. इस बार एक साथ सभी वार्डों की गिनती नहीं होगी. शुरुआत में सिर्फ दो-दो वार्डों की गिनती की जाएगी. सुबह 10 बजे केवल 46 वार्डों के वोट ही गिने जाएंगे.
नतीजों में हो सकती है देर
मुंबई के म्युनिसिपल कमिश्नर भूषण गगरानी ने बताया कि इस नई व्यवस्था की वजह से अंतिम नतीजों के ऐलान में करीब एक घंटे की देरी हो सकती है. उन्होंने माना कि पहले सभी वार्डों की गिनती एक साथ होती थी. हालांकि इस बार तरीका थोड़ा बदला गया है.
गिनती की प्रक्रिया क्यों बदली गई
साल 2017 के बीएमसी चुनाव में सभी वार्डों की गिनती एक साथ शुरू हुई थी. इस बार प्रशासन का कहना है कि एक समय में सिर्फ 2 वार्डों पर ध्यान देने से काम तेजी से और बेहतर तरीके से हो सकेगा. पूरा स्टाफ उन्हीं वार्डों पर फोकस रहेगा. हालांकि इसका नुकसान यह होगा कि शुरुआत में सभी 227 सीटों के रुझान एक साथ नहीं मिल सकेंगे.
सुरक्षा और तकनीक पर ध्यान
वोट काउंटिंग के लिए 2,299 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं. पूरे प्रोसेस को कंप्यूटर सिस्टम से किया जाएगा. सभी मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना हॉल को पुलिस और लोक निर्माण विभाग की मंजूरी मिल चुकी है. ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं.
मैदान में कितने उम्मीदवार
बीएमसी के 227 वार्डों के लिए कुल करीब 1700 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. यह देश की सबसे अमीर नगर पालिका है. इसका साल 2025-26 का बजट करीब 74,400 करोड़ रुपये है. पिछला चुनाव 2017 में हुआ था. चुनी हुई बीएमसी का कार्यकाल मार्च 2022 में खत्म हो गया था. अब नई संस्था इस बड़े बजट की जिम्मेदारी संभालेगी.
बता दें कि बीएमसी ने साफ किया है कि मतगणना केंद्रों पर सिर्फ अधिकृत उम्मीदवार, उनके प्रतिनिधि और वैध पहचान पत्र वाले मीडिया कर्मियों को ही प्रवेश मिलेगा. केंद्रों पर फायर सेफ्टी और मेडिकल सुविधाएं भी रहेंगी. मीडिया और ट्रैफिक के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है ताकि किसी तरह की परेशानी न हो सके.
यह भी पढ़ें: Maharashtra BMC Election 2026 Result LIVE: बीएमसी का किंग कौन? आज होगा फैसला; दांव पर बीजेपी, उद्धव, शिंदे और पवार की प्रतिष्ठा
