pm modi slams congress: पीएम मोदी ने रविवार को 6,957 करोड़ रुपये की काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी है. इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक जाम को कम करना और यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है. जो डिब्रूगढ़ से गोमती नगर और कामाख्या से रोहतक तक चलेगी. इस कदम से रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है.
जिसके बाद उन्होंने भाषण देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब देशवासियों की पहली पसंद बन चुकी है. उन्होंने बताया कि जनता अब कांग्रेस को पसंद नहीं करती है, और जनता की मांग विकास और अच्छे शासन की है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस वहां हार गई है.
घुसपैठियों को बचाती है कांग्रेस
इतना ही नहीं प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा घुसपैठियों को बचाने का काम करती आ रही है, ताकि सत्ता हासिल किया जा सके. उन्होंने बताया कि बिहार में कांग्रेस ने इसी नीति के तहत घुसपैठियों के समर्थन में कदम उठाए, लेकिन वहां की जनता ने इसे स्वीकार नहीं किया और उन्हें बाहर कर दिया थी. पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि असम की जनता भी अपने राज्य की सुरक्षा और विकास के लिए यही कदम उठाएगी.
काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर कुल 86 किलोमीटर लंबा होगा. इसे पर्यावरण को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. इस परियोजना में 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर शामिल है, जो काजीरंगा नेशनल पार्क के भीतर से गुजरेगा. इसके अलावा 21 किलोमीटर का बायपास और 30 किलोमीटर सड़क को दो लेन से चार लेन में चौड़ा किया जाएगा. इसका उद्देश्य विकास के साथ-साथ जैव विविधता की सुरक्षा भी करना है.
कम होगी जंगली जानवरों की मौत
यह कॉरिडोर नागांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों से होकर गुजरेगा. इससे अपर असम के इलाकों, खासकर डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया तक पहुंच और बेहतर होगी. एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से जंगली जानवरों की आवाजाही बिना रुकावट के जारी रहेगी. इससे मानव और वन्यजीवों के बीच होने वाले टकराव में भी कमी आएगी.
परियोजना के पूरा होने से सड़क सुरक्षा बेहतर होगी. यात्रा का समय घटेगा और दुर्घटनाओं की संख्या कम होने की उम्मीद है. बढ़ते यात्री और माल परिवहन को भी इससे सहारा मिलेगा. जाखलाबांधा और बोकाखाट में बायपास बनाए जाएंगे. इससे कस्बों में ट्रैफिक का दबाव घटेगा. शहरी आवागमन सुधरेगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा.
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान परियोजना के मॉडल का भी अवलोकन किया. इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि लोगों का उत्साह और प्रधानमंत्री के प्रति प्रेम साफ नजर आ रहा है. भाजपा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा ने कहा कि यह दौरा विकास से जुड़ा है और इसका चुनाव से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने इसे असम के लिए एक मजबूत संदेश बताया है.
ये भी पढ़ें: क्या है मुस्लिम ब्रदरहुड? अमेरिका ने घोषित किया आतंकवादी संगठन; UAE खुश, तुर्की के लिए बड़ा झटका
