Bengaluru Car Accident: बेंगलुरु में बृहस्पतिवार को एक खौफनाक सड़क हादसा देखने को मिला. जब रात के अंधेरे में तेज रफ्तार कार इंदिरा नगर के 100 फीट रोड पर डिवाइडर से टकराने के बाद फुटबाल की तरह उछलते हुए हादसे का शिकार हो गई. घटना रात को 11:35 की बताई जा रही है. जब तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर को क्रॉस करते हुए सड़क के दूसरी ओर बने रेस्टोरेंट की दीवार से जा टकराई. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. पुलिस के अनुसार स्कोडा कार को 42 वर्षीय डेरिक टोनी चला रहा था.
हादसे के वक्त टोनी 18वें मेन रोड से 100 फीट रोड की तरफ आ रहा था, उस वक्त तेज रफ्तार और नशे की हालत में होने की वजह से उसकी गाड़ी कंट्रोल से बाहर हुई और हादसे का शिकार हो गई. दरअसल, टोनी 100 फीट रोड पर बने लेफ्ट टर्न को ज्यादा स्पीड होने की वजह से देख नहीं पाया और उसकी गाड़ी सीधी डिवाइडर से जा टकराई, इस दौरान गाड़ी की चपेट में एक दुपहिया वाहन भी आया. जिसके बाद गाड़ी डिवाइडर को लांघते हुए बार्बी क्यू नेशन रेस्टोरेंट की दीवार से जा टकराई.
कब हुआ हादसा?
बृहस्पतिवार रात को ये हादसा उस वक्त हुआ जब कुछ लोग खाना खाकर होटल के बाहर खड़े हुए थे, हादसे का 10 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें तेज स्पीड कार डिवाइडर से उछलती हुई, रेस्टोरेंट की दीवार से टकराती हुई दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि घटना के समय होटल के बाहर खड़े किसी भी शख्स को चोट नहीं आई. हालांकि, जबीर अहमद नाम के बाइक ड्राइवर को हल्की चोट जरूर आई. पुलिस ने इस घटना को लेकर जीवन बीमा नगर ट्रैफिक पुलिस थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वीडियो में क्या दिखा?
शराब के नशे में बेंगलुरु की सड़क हादसे की शिकार हुई गाड़ी का वीडियो बेहद खौफनाक है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ओवर स्पीड और नशे की हालात में गाड़ी किस तरह से अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर बने रेस्टोरेंट की दीवार से जा टकराती है. इस भयानक सड़क हादसे में रेस्टोरेंट की दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है. वहीं मौके पर खाना खाकर होटल के बाहर खड़े लोग भी इस हादसे की वजह से काफी देर तक दहशत में दिखे. हालांकि, घटना में किसी के हताहत नहीं होने की जानकारी मिलने पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. वहीं एक डिलीवरी बॉय ने हादसे के बाद हिम्मत जुटाकर गाड़ी की खिड़की खोली, उस वक्त ड्राइवर जिंदा नजर आ रहा था, दूसरी तरफ सड़क पर हादसे की वजह से गाड़ियों की लंबी कतार लग गई.
यह भी पढ़ें: Plane Crash News: टेकऑफ के थोड़ी देर बाद मुंह के बल जमीन पर जा गिरा प्लेन, कई लोग घायल; बाल-बाल बची जान
