News in Brief

नई दिल्ली: देश में कोरोना की दूसरी लहर थम चुकी है और नए मामलों में लगातार कमी आ रही है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में कोरोना से ठीक होने वालों की दर में बढ़ोतरी हुई है. रिकवरी रेट बढ़कर 90 प्रतिशत हो गया है. नए मामलों के साथ मौत के आंकड़ों में भी कमी दर्ज हुई है. देशभर में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1.73 लाख नए केस दर्ज किए गए हैं, जबकि 3563 लोगों की मौत हुई है.

इससे पहले शुक्रवार (28 मई) को जारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में 1.86 लाख नए मामले दर्ज हुए थे तब 3660 मरीजों की जान गई थी. वहीं 27 मई को 2 लाख से ज्यादा कोविड-19 के नए मामले सामने आए थे जबकि 3842 लोगों की मौत हुई थी. इसी तरह 26 मई को 2.08 लाख नए केस दर्ज किए गए थे और 4157 संक्रमितों की मौत हुई थी.

देशभर में 24 घंटे में 1.73 लाख नए केस

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health ministry data) के अनुसार, पिछले 24 घंटे में भारत में 1 लाख 73 हजार लोग कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित हुए है, जबकि इस दौरान 3563 लोगों की जान गई. इसके बाद भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2,77,19,431 हो गई है, जबकि करीब 3 लाख 22 हजार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.

फिलहाल 22.28 लाख कोविड-19 के एक्टिव केस

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में रिकार्ड लोग कोरोना से ठीक हुए हैं. देशभर में एक्टिव मामलों (Coronavirus Active Cases in India) में लगातार गिरावट हुई है और पहले यानी कल तक ये आंकड़ा 23 लाख 43 हजार 152 था जो ताजा आंकड़ों के मुताबिक 22 लाख 28 हजार 724 हो गया है. एक दिन में इस आंकड़े में  1,14,428 की कमी आई है

वहीं आईसीएमआर (ICMR) के आंकड़ों के मुताबिक देश में 28 मई तक देश में 34,11,19,909 कोरोना टेस्ट हो चुके हैं. कोरोना वैक्सीन (Corona vaccination India) की 20.1 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं. पिछले 72 घंटों के कोरोना संक्रमण की आकड़े महामारी के घटते प्रकोप का संकेत हैं. जिन राज्यों में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान संक्रमण की सुनामी आई अब उन राज्यों में राहत की खबर आ रही है. देश का महाराष्ट्र राज्य कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित रहा है, लेकिन अब वहां भी नए कोरोना मरीजों का ग्राफ घट रहा है. 

LIVE TV