
मुंबई: चक्रवात तौकते (Cyclone Tauktae) से निपटने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने तैयारी पूरी कर ली है. बीएमसी की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि 15 और 16 मई को आने वाले चक्रवात को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है. चक्रवात से प्रभावित होने वाले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने का काम किया जा रहा है.
उन्होंने आगे कहा कि कोविड सेंटर्स को जारी रखने के लिए कहा गया है. आपात स्थिति के लिए 100 लाइफ गार्ड को बीच पर तैनात किया गया है. चक्रवात के मद्देनजर बांदरा वारली सी लिंक आज और कल (रविवार को) बंद रहेगा.
‘तौकते’ को लेकर PM मोदी की हाई लेवल मीटिंग
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक हाई लेवल मीटिंग में चक्रवाती तूफान तौकते (Cyclone Tauktae) से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करेंगे. पीएम मोदी के साथ इस मीटिंग में सरकार के कई शीर्ष अधिकारी हिस्सा लेंगे. तूफान तौकते 15 से 18 मई तक सक्रिय रहेगा. तौकते की वजह से समुद्र में ऊंची लहरें उठेंगी.
ये भी पढ़ें- कोरोना के बीच तेजी से बढ़ा ब्लैक फंगस का खतरा, सरकार ने बताए बचने के उपाय
इन राज्यों में जारी किया गया रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तौकते तूफान को लेकर रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया है. एनडीआरएफ ने अरब सागर (Arab Ocean) में उठ रहे इस चक्रवात से निपटने के लिए 53 टीमों को तैयार किया है. इनमें से 24 टीमें तैनात कर दी गई हैं. ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
बता दें कि अरब सागर में कम दबाव के चलते साइक्लोन तूफान बनकर महाराष्ट्र के कोंकण के कई हिस्सों जैसे- रत्नगिरी, सिंधुदुर्ग से गुजरते हुए ये साइक्लोनिक स्ट्रोम गुजरात पहुंचेगा. इसका खतरा देश के 5 राज्यों में बना हुआ है, जिसमें केरल, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं. यह खतरा बड़ा है, जहां 16 से 19 मई के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश होगी और ये तूफान समुद्री तटों को अपनी चपेट में लेगा.
ये भी पढ़ें- सीएम ममता बनर्जी के छोटे भाई असीम बनर्जी का निधन, कोरोना ने ले ली जान
बीच पर तैनात किए लाइफ गार्ड
इसकी वजह से कोंकण के कई इलाकों के साथ-साथ मध्य महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश होगी और तेज हवाएं चलेंगी. इसी स्थिति पर नजर रखते हुए मुंबई के जुहू बीच पर 10 से ज्यादा लाइफ गार्ड तैनात किए हैं, जो हर परिस्थिति के लिए तैयार हैं ताकि मुश्किल हालात में लोगों की मदद की जाए. साथ ही यहां आसपास के रिहायशी इलाकों के लोगों की सुरक्षा का भी ख्याल रखा जा रहा है.
चक्रवात ‘तौकते’ के बारे में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के मद्देनजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के तटीय जिलों में प्राधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए चौकन्ना रहने और साजो-सामान तैयार रखने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार देर रात को जारी किए गए एक बयान में सीएम उद्धव ठाकरे के हवाले से कहा, ‘चौकन्ने रहिए और जहां भी जरूरत पड़े बचाव अभियान चलाएं.’
सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि इस चक्रवात का असर पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में पड़ सकता है. इन जिलों के डीएम को बचाव उपकरण और फोर्स के लिहाज से सभी जरूरी एहतियात बरतने के लिए कहा गया है.
बयान में कहा गया है कि सीएम उद्धव ठाकरे ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक के दौरान यह बात कही. चक्रवात से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए यह बैठक हुई थी.
हालात से निपटने के लिए गोवा सरकार तैयार
गोवा में सरकार ने चक्रवात ‘तौकते’ की चेतावनी के मद्देनजर स्थिति से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं. अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी. गोवा दमकल और आपात सेवा ने बताया कि उसने अपने कर्मियों को स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा है. निदेशक अशोक मेनन ने कहा, ‘हमने चक्रवात के कारण किसी भी तरह के हालात से निपटने के लिए अपनी टीम को तैयार रखा है.’
अशोक मेनन ने कहा, ‘चक्रवाती तूफान के कारण चली हवाओं और बारिश से शुक्रवार को राज्य में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ. कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए राज्य में 24 मई तक लगे कर्फ्यू के कारण चक्रवात का असर बहुत कम रहने की संभावना है.’
बता दें कि दक्षिण गोवा के संगेम तहसील में चक्रवाती हवाओं के कारण शुक्रवार को कई पेड़ गिरे. संगेम के विधायक प्रसाद गांवकर ने कहा कि वह चक्रवात की चेतावनी के मद्देनजर सप्ताहांत में घरों से बाहर न निकलने के लिए लोगों से निजी रूप से अनुरोध कर रहे हैं.
LIVE TV
