
नई दिल्ली: कोरोना संकट के बीच राजधानी दिल्ली में संक्रमण का कहर लगातार कम हो रहा है. पिछले 24 घंटे में कोरोना के नए मामले (Corona New Cases) लगभग 6,500 से कम आए हैं. पॉजिटिविटी रेट भी 1% और कम होकर 10% के करीब आ गया है. लगातार यह तीसरा दिन है जब दिल्ली में कोरोना के नए मामले 10 हजार से नीचे आए हैं. फिलहाल दिल्ली में कोरोना (Delhi Corona Cases) के 62,783 एक्टिव केस हैं.
पॉजिटिविटी रेट 10.40 प्रतिशत
राजधानी दिल्ली के हालात ने देश को झकझोर दिया था लेकिन बीते कुछ दिनों से लगातार कोविड के मामलों में कमी देखने को मिल रही है. पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 6456 नए Covid-19 केस आए हैं, 262 और लोगों की मौत हुई है. शनिवार को कोरोना के 6,500 केस आए थे, जबकि शुक्रवार को कोरोना के 8,500 केस आए थे. इसी तरह शुक्रवार को पॉजिटिविटी रेट 12 और शनिवार को 11 प्रतिशत थी. आज पॉजिटिविटी रेट 10.40 प्रतिशत तक गिर गई है.
लॉकडाउन तोड़ रहा चेन?
घटते संक्रमण के बीच दिल्ली में एक बार फिर लॉकडाउन (Lockdown) बढ़ाने का फैसला लिया गया है. बीती 19 अप्रैल को लॉकडाउन लागू किया गया था और इसकी अवधि चौथी बार बढ़ा दी गई है. आजके निर्देशों के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में 24 मई की सुबह तक लॉकडाउन लागू रहेगा. इससे पहले, लॉकडाउन कल (सोमवार) सुबह पांच बजे खत्म होने वाला था.
यह भी पढ़ें: फॉर्मूला मिलने के बाद भी दूसरी कंपनियों के लिए आसान नहीं Covaxin का निर्माण, ये है वजह
इन 10 राज्यों के हालात खराब
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में इलाज करा रहे मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 14.66 प्रतिशत है. मंत्रालय ने बताया कि 74.69 प्रतिशत उपचाराधीन मरीज 10 राज्यों में हैं. इनमें कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात और छत्तीसगढ़ हैं.
(INPUT: ANI)
LIVE TV
