News in Brief

DNA: जो कट्टरता मां की वंदना को बर्दाश्त नहीं कर सकती है. जो तथाकथित धर्मनिरपेक्षता तुष्टिकरण का पोषण करती है. जो अतिवादियों के लिए ऑक्सीजन की तरह काम करती है. वही संक्रमित सोच राष्ट्रीय गीत गाने से भी परहेज करती है. ऐसे लोगों को वंदे मातरम् शीशे की तरह चुभता है. जिन्हें राष्ट्रीय गीत से दिक्कत है या फिर जो वंदेमातरम् को नकारने की साजिश में शामिल हैं, उन्हें आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सच्चाई का आईना दिखाया है. तुष्टिकरण के पुरोधाओं को योगी ने बेहद ही मारक शब्दों में खरी-खरी सुनाई है. 

इतना ही नहीं, जिस कफ सिरप कांड को लेकर अखिलेश यादव उन्हें बुलडोजर वाली चुनौती दे रहे थे, उस पर भी मुख्यमंत्री ने उसी अंदाज़ में जवाब दिया है. विधानसभा में खड़े होकर योगी ने जिस बुलडोजर एक्शन की बात कही है, आज हम उसका विश्लेषण करेंगे. लेकिन सबसे पहले जान लीजिए आज अचानक यूपी विधानसभा में बुलडोजर की चर्चा क्यों हुई? उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हुआ है. इसको लेकर एक्शन भी हुआ है. अब तक 79 FIR दर्ज किए गए हैं. सवा दो सौ लोगों को अभियुक्त बनाया गया है. 77 लोग गिरफ्तार भी किए गए हैं. 134 जगहों पर छापेमारी हुई है. बड़ी संख्या में कफ सिरप की बोतलें जब्त हुई है. लेकिन समाजवादी पार्टी कह रही है जो कुछ हुआ है वो दिखावा है.

कोडीन युक्त कफ सिरप पर विपक्ष के आरोप
विपक्ष का आरोप है कि कोडीन युक्त कफ सिरप घोटाले में जो लोग संलिप्त हैं, उन्हें सरकार से संरक्षण प्राप्त है. पांच दिन पहले अखिलेश यादव ने तो बकायदा योगी आदित्यनाथ को चुनौती दी थी कि वो आरोपियों के घर पर बुल्डोजर क्यों नहीं चलाते. आज खुद योगी ने सदन में खड़े होकर अखिलेश की चुनौती को स्वीकार किया. और तमाम आरोपियों की कुंडली बांचकर उसके समाजवादी कनेक्शन की विवेचना कर दी. हम आपको सुनाते हैं कि योगी ने क्या-क्या कहा?

Add Zee News as a Preferred Source

अखिलेश के आरोपों पर सीएम योगी की खरी-खरी
योगी आदित्यनाथ ऐसे जवाब देंगे, इसका अंदाज़ा समाजवादी पार्टी को बिलकुल भी नहीं था. क्योंकि यूपी के स्वास्थ मंत्री ब्रजेश पाठक हैं. सिरप मामले में उन्हें ही जवाब देना चाहिए था. लेकिन योगी ने खुद मोर्चा संभाल लिया. ये कोडीन युक्त कफ सिरप का पूरा मामला क्या है, ये हम आपको आगे विस्तार से बताएंगे, मगर उससे पहले चुनौती से जुड़ी एक पुरानी घटना याद दिलाना चाहेंगे. 2023 में 25 फरवरी की तारीख थी. इसी तरह यूपी विधानसभा का सत्र चल रहा था.तब प्रतिपक्ष के नेता अखिलेश यादव थे. एक दिन पहले ही प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या हुई थी. माफिया अतीक अहमद और उसके गैंग पर आरोप लगे थे. अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था की विफलता का हवाला देकर उस दिन भी ऐसे ही भरी सदन में योगी को चुनौती दी थी. तब योगी आदित्यनाथ ने पूरे ताव के साथ कहा था कि माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे और फिर जो हुआ, वो सबने देखा.

कोडीन युक्त कफ सिरप से यूपी में कोई मौत नहीं
एक बार फिर कोडीन युक्त कप सिरप मामले में समाजवादी पार्टी आक्रामक है. आज अखिलेश यादव तो विधानसभा में नहीं दिखे, लेकिन बाहर बैठकर चुनौती दे रहे हैं. उनकी पार्टी के विधायकों ने सदन के अंदर और बाहर, दोनों जगह जोरदार हंगामा किया. समाजवादी पार्टी का आरोप है कि सरकार इस समस्या को ठीक से संभाल नहीं रही. मौतें छिपाई जा रही हैं. समाजवादी पार्टी किस तरह इस पर आक्रामक है. समाजवादी पार्टी के हंगामे के बाद योगी एक्शन में आए. उन्होंने सदन से स्पष्ट कर दिया कि कोडीन युक्त कफ सिरप से यूपी में किसी की मौत नहीं हुई है. यहां तक कि ये दवाई यूपी में बनती भी नहीं है. फिर सरकार एक्शन क्यों ले रही है, उसे समझिए.

शराबबंदी वाले राज्यों में भेजा गया है कफ सिरप 
कोडीन युक्त कफ सिरप में नशा की मात्रा अधिक है, इसलिए इसे ऐसी दवाओं की श्रेणी में रखा गया है, डॉक्टर के लिखे पर्चे पर ही मिलती है. यूपी में इसकी तो फैक्ट्री नहीं है, लेकिन कई स्टॉकिस्ट और होलसेलर हैं. जांच में सामने आया है कि सहारनपुर, गाजियाबाद, लखनऊ और वाराणसी जैसे शहरों से यह कफ सिरप उन राज्यों में अवैध रूप से भेजा जा रहा था जहां शराबबंदी है. इतना ही नहीं, बांग्लादेश और नेपाल भी ये सिरप भेजे जा रहे थे. ये एक बड़ा सिंडिकेट है. इस सिंडिकेट को तोड़ने के लिए यूपी सरकार ने एसआईटी बनाई है. शुभम जायसवाल को इस पूरे सिंडिकेट का मुख्य सरगना बताया जा रहा है. वो अब तक एसआईटी की पकड़ से बाहर है. सरकार का कहना है कि शुभम जायसवाल, समाजवादी पार्टी के नेता अमित यादव का पार्टनर है. ऐसे ही लोगों पर बुलडोजर एक्शन की बात कही जा रही है.

तुष्टिकरण का सबसे पहला शिकार बना वंदे मातरम्
यूपी विधानसभा में आज वंदे मातरम् पर भी चर्चा हुई. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, राष्ट्र की चेतना और साहस का मंत्र भी है. योगी ने कहा कि वंदे मातरम् तुष्टिकरण का पहला शिकार है तो शिवपाल यादव ने कहा कि राष्ट्रभक्ति दिल से होनी चाहिए. कैसे इस पर शब्दबाण चले, वो भी सुनिए. जब राष्ट्रगीत को लेकर अगर, मगर और किन्तु-परन्तु होने लगे तो शक और सवाल दोनों उठते हैं. राष्ट्रगीत गाने से बचने के लिए बहाना बनाने वालों में कट्टरता की मात्रा का पता चलता है. और जब ऐसी कट्टर सोच को वोट के लिए संरक्षित किया जाता है तो उससे तुष्टिकरण बढ़ता है. और ये तुष्टिकरण देश के लिए बहुत ही खतरनाक है.

यह भी पढ़ेंः महाराष्ट्र में कांग्रेस किसकी ‘स्ट्रॉबेरी’? अजित पवार और राउत ने क्यों साधा संपर्क