
Banke Bihari Mandir Silver Theft: भाव बढ़ाने की रेस में इस वक्त चांदी. सोने पर भारी पड़ रही है, लेकिन चांदी को लेकर एक हलचल वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में भी मची हुई है. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं. इनमें मंदिर के गर्भगृह की चौखट से चांदी गायब होने की बात कही जा रही है. चौखट पर एक श्रद्धालु के सहयोग से करीब साढ़े 10 किलो चांदी की परत चढ़ाई गई थी, लेकिन अब कई जगह चांदी की परत नष्ट हो गई है जिससे चौखट की लकड़ी दिखाई देने लगी है.
मंदिर से चांदी गायब
ये फोटो और वीडियो वायरल होने से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. इनमें चांदी गायब होने को चोरी से जोड़कर दिखाया जा रहा है. चूंकि इस समय चांदी की क़ीमत आसमान छू रही है, इसलिए इन दावों ने तूल पकड़ लिया. ‘Zee News’की टीम ने बांके बिहारी मंदिर जाकर इन आरोपों की सच्चाई जानने की कोशिश की. जिस चौखट से चांदी गायब होने की बात कही जा रही है, वहां मौजूद सेवायत ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. इशारों में उन्होंने चांदी की चोरी के आरोपों को सच बताया.
ये भी पढ़ें- ‘संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे…,’ पीएम मोदी ने की वेनेजुएला की राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से बात, किन मुद्दों पर की चर्चा?
कैसे गायब हुई चांदी?
सोशल मीडिया से लेकर मंदिर के सेवायत तक चांदी की चोरी की बात कह रहे हैं. लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त मंदिर की हाई पावर प्रबंधन समिति की कुछ और ही दलील है. प्रबंधन समिति ये तो मानती है कि चौखट से चांदी की परत हट गई है, लेकिन इसके पीछे वो चोरी नहीं बल्कि इत्र वाली थ्योरी बता रही है. प्रबंध समिति का कहना है कि भक्त चौखट पर ठाकुर जी के लिए इत्र सेवा करते हैं. उनके मुताबिक चांदी की परत हटने के पीछे बाजार में मिलने वाला मिलावटी और केमिकल युक्त इत्र जिम्मेदार है. इसी वजह से चांदी हट गई है और नीचे की लकड़ी साफ दिखाई देने लगी है. इस विवाद से सबक लेकर मंदिर प्रबंधन ने फैसला लिया है कि गर्भगृह की दीवारों और चौखट के पास जल्द ही हाई-टेक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. जागरूकता के लिए भक्तों से अपील की जा रही है कि वो चौखट पर सीधे इत्र लगाने से बचें. साथ ही नष्ट हुई चांदी की मरम्मत पर भी विचार किया जा रहा है. हालांकि मंदिर के सेवायत ने इत्र से चांदी गलने की इस थ्योरी को ठुकरा दिया.
ये भी पढ़ें- पावर कट, रोड ब्लॉक और हिमस्खलन का खतरा… घाटी में भारी बर्फबारी के बाद शुरू आफत, 2-8 फीट बर्फ के नीचे फंसे गांव
चांदी को लेकर बंटा पक्ष
एक पक्ष कह रहा है कि इत्र की वजह से चांदी गल गई. दूसरा पक्ष इससे इनकार कर रहा है, वो मंदिर की सुरक्षा पर सवाल उठा रहा है. चोरी के आरोपों को मजबूत कर रहा है. ‘Zee News’की टीम ने इस विवाद को लेकर एक जौहरी से भी बात की. बांके बिहारी मंदिर करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र है. देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां आते हैं. ऐसे में जब वहां चांदी की चोरी के आरोप लग रहे हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. चांदी चोरी के आरोपों का सच सामने आना चाहिए.
