
Father Murdered Baby: राजस्थान (Rajasthan) के जालोर (Jalore) जिले में एक युवक ने अपने 11 महीने के बेटे को नहर में फेंक दिया. पुलिस (Police) के मुताबिक, युवक ने अपने बेटे को नहर में इसलिए फेंक दिया क्योंकि वह उसे कुछ खिला नहीं पा रहा था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चे के शव को बरामद कर उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, गुजरात का रहने वाला मुकेश बेरवाल अपनी पत्नी उषा और बेटे राजवीर के साथ जालोर के सांचौर में पहुंचा था, वहां उसने वारदात को अंजाम दिया.
नर्मदा नहर में अपने बेटे को फेंका
सांचौर के पुलिस अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि दंपति अपने बेटे को अच्छी जिंदगी देना चाहते थे, लेकिन मुकेश ज्यादा कमाता नहीं था. वह अपने बच्चे को ढंग से खाना भी नहीं खिला पा रहा था. इसी से तंग आकर उसने उसे मारने का निर्णय लिया. उन्होंने आगे बताया कि मुकेश जानता था कि नर्मदा नहर जालोर में बहती है, इसलिए वह लगभग 50 किलोमीटर दूर नर्मदा नहर के पास पहुंचा, ताकि बच्चे को उसमें फेंक पाए.
बच्चे को मारने के लिए बनाई ये योजना
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मुकेश और उषा ने लव मैरिज की थी. मुकेश ने अपनी पत्नी से झूठ बोला था कि उसके पिता सांचौर में रहते हैं. वे दोनों अपने बेटे को उनके पास छोड़ सकते हैं. फिर मुकेश अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सांचौर पहुंचा. वहां उसने अपनी पत्नी उषा से कहा कि वह बच्चे को अपने पिता के पास छोड़कर आ जाएगा, तब तक वह वहीं रुके. मुकेश ने ये भी कहा कि दोनों ने अंतरजातीय विवाह किया है, इसलिए उसके पिता उनके रिश्ते को कबूल नहीं करेंगे. इसके बाद मुकेश ने मासूम बच्चे को करीब 150 से 200 मीटर दूर जाकर नहर में फेंक दिया.
ऐसे हुआ भंडाफोड़
प्रवीण कुमार के मुताबिक, मुकेश ने अपने बेटे को नहर में फेंकने से पहले चारों तरफ देखा और जब उसे भरोसा हो गया कि कोई उसे नहीं देख रहा है, तब उसने बच्चे को नहर में फेंक दिया. उन्होंने बताया कि हालांकि, एक लोकल ने मुकेश को दूर से ऐसा करते हुए देख लिया. मुकेश ने लौटकर उषा से कहा कि लड़का अब अपने दादा के पास है और दोनों जैसे ही वहां से आगे बढ़े, उस स्थानीय व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया.
पुलिस अधिकारी कुमार ने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को भी खबर दी, जिसके बाद मुकेश को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की गई. उन्होंने बताया कि पूछताछ में मुकेश ने युवक को नहर में फेंकने की बात कबूल की है.
प्रवीण कुमार के मुताबिक, ‘तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और गोताखोरों को शुक्रवार रात घटनास्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर बच्चे का शव बरामद हुआ.’ उन्होंने बताया कि शव आरोपी की पत्नी को सौंप दिया गया है.
(इनपुट- भाषा)
ये ख़बर आपने पढ़ी देश की नंबर 1 हिंदी वेबसाइट Zeenews.com/Hindi पर
