हैदराबाद में एक मुस्लिम शख्स के मंदिर में गंदगी फैलाकर अपवित्र करने का मामला सामने आया है. इस बात से नाराज मंदिर के बाहर खड़ी भीड़ ने इस शख्स की बुरी तरह से पिटाई कर दी है. इस शख्स का नाम अल्ताफ बताया जा रहा है. दरअसल कथित तौर पर इस शख्स ने मंदिर के कट्टा मैसम्मा परिसर में घुसकर भगवान की मूर्ति के पास शौच कर दिया था. जैसे ही इस बात का पता मंदिर के श्रद्धालुओं को चला कि एक 26 वर्षीय शख्स ने मंदिर परिसर में भगवान की मूर्ति के पास ये गंदी हरकत करके मंदिर की पवित्रता को नष्ट करने की कोशिश की. भीड़ गुस्से से पागल हो गई और उस शख्स को पकड़कर बुरी तरह से पिटाई कर दी.
मंदिर परिसर में गंदी हरकत के बाद शख्स की पिटाई ने तूल पकड़ लिया और इसको लेकर सूबे में विरोध प्रदर्शन सहित सियासी बयानबाजियां सामने आईं हैं. शनिवार (10 दिसंबर) की रात को ये घटना तब सामने आई जब आरोपी ने कथित तौर पर मंदिर परिसर के अंदर एक पवित्र पत्थर, बोदराई को अपवित्र किया. इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय श्रद्धालुओं ने मौके पर ही उस व्यक्ति पकड़ लिया और बाद में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कथित तौर पर उस शख्स से इस गंदी हरकत के बारे में पूछताछ के बाद उसकी पिटाई की जा रही थी. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और जनता से सोशल मीडिया पर अफवाहों या बिना पुष्टि वाली जानकारी पर विश्वास न करने या उन्हें वायरल नहीं करने का आग्रह किया.
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने शख्स को हिरासत में लिया
जब काफी भीड़ जमा हो गई तो वहां पुलिस भी पहुंची और मामले में हस्तक्षेप किया. पुलिस ने उस समय स्थिति बिगड़ने न पाए इसके लिए उस शख्स को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी शख्स का नाम अल्ताफ है और वो पड़ोसी राज्य कर्नाटक के बीदर जिले का रहने वाला है. इस मामले में पुलिल ने आरोपी पर पूजा स्थल में गैरकानूनी प्रवेश और कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि उसे पहले शहर की एक अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
बीजेपी ने घटना को बताया ‘ईशनिंदा’
अधिकारियों ने बताया कि वे आरोपी के पिछले रिकॉर्ड और इतिहास की जांच कर रहे हैं और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार सख्ती से की जाएगी. इस घटना से बीजेपी, हिंदू समर्थक संगठनों और मंदिर के भक्तों ने विरोध प्रदर्शन किया है. बीजेपी ने इस शख्स पर मंदिर परिसर के अंदर शौच और पेशाब करने की घटना को शर्मनाक बताया है. तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने मंदिर का दौरा किया और इस घटना को ‘ईशनिंदा’ बताया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया के X पर एक पोस्ट में सूबे की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह हिंदुओं पर हमलों के मामले में बांग्लादेश और पाकिस्तान से मुकाबला कर रही है.
सत्ताधारी कांग्रेस पर बीजेपी का हमला
बीजेपी नेता ने एक्स पर लिखा, ‘कट्टामैसमा मंदिर का दौरा किया, तेलंगाना में कांग्रेस बांग्लादेश और पाकिस्तान से मुकाबला कर रही है कि हिंदुओं पर हमलों में कौन किससे आगे निकलेगा. हालांकि मैं मानवाधिकारों का सम्मान करता हूं लेकिन दूसरी तरफ से ‘सर तन से जुदा’ की भाषा बोली जाती है, इसलिए इस घटना के लिए उस व्यक्ति का एनकाउंटर होना चाहिए जिसने पवित्र कट्टामैसमा मंदिर को परिसर के अंदर पेशाब करके अपवित्र किया. मैं इस मुद्दे पर कांग्रेस, BRS के साथ-साथ छद्म धर्मनिरपेक्ष मीडिया की चुप्पी से भी हैरान हूं. तेलंगाना में BJP मूक दर्शक नहीं बनी रहेगी. हम हिंदू धर्म, मंदिरों और गरिमा की रक्षा के लिए सड़कों पर लड़ेंगे. हिंदुओं को चुप नहीं कराया जाएगा. आस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.’
यह भी पढ़ेंः बंगाल में सुवेंदु अधिकारी पर पुलिस के सामने हमला, धरने पर बैठे; इलाके मे तनाव
