
मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दरअसल यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद उसने पति के शव को घर के अंदर ही किचन में दफना दिया. आरोपी महिला की पहचान रशीदा शेख के तौर पर हुई है. वहीं मामले में दूसरे आरोपी और महिला के प्रेमी का नाम अमित मिश्रा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मां ने बेटी के सामने पिता को बेरहमी से मारा
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये खौफनाक वारदात मुंबई के दहिसर पूर्व के रावल पाड़ा इलाके में करीब 13 दिन पहले हुई. आरोपी महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के सामने धारदार हथियार से अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति रईस शेख की गर्दन काट दी. जानकारी के मुताबिक, पीड़ित की हत्या के बाद दोनों आरोपी पहले की तरह नॉर्मल लाइफ जीने लगे, जिससे किसी को शक न हो.
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित का भाई यानी आरोपी महिला का देवर उनके घर आया. तब बच्ची ने अपने पिता की हत्या के बारे में चाचा को सब कुछ बता दिया. जिसके बाद हत्या होने की जानकारी पुलिस को दी गई और किचन में खुदाई करके पीड़ित का शव बरामद किया गया.
गौरतलब है कि पीड़ित रईस शेख एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन का काम करता था. बीते 25 मई को पीड़ित के लापता होने की शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई गई थी.
पुलिस का कहना है कि पीड़ित का शव बरामद कर लिया गया है, जिसे महिला ने किचन में दफनाया था. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी.
