News in Brief

बुलढाणा: महाराष्ट्र के बुलढाणा से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. दरअसल यहां एक 8 साल के मासूम से जबरन क्वारंटीन सेंटर का टॉयलेट साफ करवाया गया. कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

नवभारत टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, इलाके में डीएम का दौरा लगा था. यहां मारोण गांव में एक प्राथमिक विद्यालय को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया था. जिसका डीएम को निरीक्षण करना था. हालांकि मामले के सामने आने के बाद आरोपी पंचायत समिति के कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया है.

बता दें कि वीडियो में दिख रहा है कि पंचायत समिति का एक कर्मचारी बच्चे को टॉयलेट साफ करने का निर्देश दे रहा है. वीडियो के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, बच्चे को लकड़ी से मारे जाने का डर दिखाया गया था. उसे टॉयलेट की सफाई के बाद 50 रुपये भी दिए गए.

इस बीच सवाल ये भी है कि अगर क्वारंटीन सेंटर का टॉयलेट साफ करने की वजह से यह बच्चा कोरोना संक्रमित हो जाता है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? हैरान करने वाली बात ये है कि एक बच्चे से पंचायत समिति के कर्मचारी ने टॉयलेट साफ करवाया और कहा कि इसकी जानकारी अधिकारी को है.

जान लें कि घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है. बुलढाणा के डीएम ने इस मामले की जांच के लिए एक कमिटी का गठन किया है, जिसे तीन दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट सबमिट करनी है.